रायपुर। यूनाइटेड पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन रायपुर द्वारा आयोजित नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के युवा पावरलिफ्टर यश खुबचंदानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर वर्ग में नेशनल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया है। प्रतियोगिता का आयोजन 6 से 9 अगस्त तक रायपुर के बूढ़ातालाब में किया गया।

यश ने प्रतियोगिता में कुल 495 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने स्क्वाट में 160 किलो, बेंच प्रेस में 120 किलो और डेडलिफ्ट में 215 किलो वजन उठाया। उनके इस शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता में दूसरा स्थान महाराष्ट्र के खिलाड़ी ने हासिल किया, जबकि तीसरे स्थान पर छत्तीसगढ़ के भिलाई के खिलाड़ी रहे।

यश खुबचंदानी इससे पहले भी पावरलिफ्टिंग में छत्तीसगढ़ चैंपियन का खिताब अपने नाम कर चुके हैं। राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने प्रदेश और अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। यश की इस उपलब्धि पर खेलप्रेमियों और शुभचिंतकों ने भी उन्हें बधाई दी है।