रायपुर। ऑनलाइन बैटिंग साइट के पैनल से सट्टा का संचालन करने वाले फरार मुख्य आरोपी को कमिश्नरेट पुलिस ने धर-दबोचा है। आरोपी नितिन मोटवानी पिछले 9 माह से फरार चल रहा था।

दरअसल, पिछले दिनों पुलिस की संयुक्त टीम ने गंज थाना क्षेत्र के नागोराव गली, अण्डर ब्रीज के पास चारपहिया वाहनों में ऑनलाईन सट्टा संचालित करते 6 सटोरियों को गिरफ्तार किया था।

साथ ही आरोपियों के कब्जे से नगदी 37,50,000, 10 नग मोबाइल, 2 नग महिन्द्रा थार कार, 1 नग नेक्सा एक्सएल को जप्त कर सटोरियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

प्रकरण में ऑनलाईन बैटिंग साईट्स jmdbet777.com की आईडी लेकर पैनल संचालन करने वाला मुख्य आरोपी नितिन मोटवानी फरार चल रहा था, जिसकी लगातार पुलिस की टीम द्वारा तलाश की जा रही थी।

इसी दौरान आरोपी नितिन मोटवानी की गिरफ्तारी में लगी टीम के सदस्यों को उसकी रायपुर में उपस्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई।

टीम के सदस्यों द्वारा उसकी पतासाजी करते हुए गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी नितिन मोटवानी द्वारा उक्त ऑनलाईन बैटिंग साईट्स के पैनल का संचालन करना स्वीकार किया गया।

आरोपी नितिन मोटवानी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना से संबंधित 2 नग मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी 

नितिन मोटवानी पिता बीजू मोटवानी उम्र 45 साल निवासी सी-304 पाल्म बैलाजियो थाना खम्हारडीह रायपुर।