बिलासपुर… सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए गरबा की वेशभूषा में सिगरेट के कश और हाथ में पिस्टलनुमा वस्तु लेकर वीडियो बनाना नौ लोगों को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल हुआ तो मामला पुलिस तक पहुंचा। शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, वीडियो में एक महिला और उसके महिला-पुरुष सहयोगी गरबा की वेशभूषा में सिगरेट पीते और पिस्टल जैसी वस्तु का प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार किए गए इस वीडियो में अशोभनीय गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया, जिससे युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ने और सांस्कृतिक भावनाएं आहत होने की आशंका है।

मामले में शिकायत और उपलब्ध वीडियो के आधार पर सिविल लाइन थाने में धारा 196, 299 और 3(5) भारतीय न्याय संहिता में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी आरोपियों के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर कराने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

पुलिस की दो टूक चेतावनी

बिलासपुर पुलिस ने साफ किया है कि धार्मिक आस्था, परंपराओं और सांस्कृतिक प्रतीकों का इस्तेमाल प्रचार या मनोरंजन के नाम पर इस तरह नहीं किया जाना चाहिए, जिससे किसी वर्ग की भावनाएं आहत हों या कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़े। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज बटोरने के लिए आपत्तिजनक सामग्री या हथियार जैसी वस्तुओं का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी