बिलासपुर..शहर के व्यापार विहार इलाके में संचालित अवैध हुक्का बार पर सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह हुक्के और तंबाकू सेवन में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में सामान जब्त किया है। पुलिस की दबिश के दौरान हुक्का पी रहे ग्राहक मौके से भाग निकले, जबकि बार के दोनों संचालक भी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेंट जेवियर्स स्कूल के पास स्थित विजय कुमार देशमुख के मकान V-05, थर्ड फ्लोर में प्रजापति और सोनू दास अवैध रूप से हुक्का बार चला रहे हैं। यहां ग्राहकों को तंबाकूयुक्त फ्लेवर मिलाकर प्रति घंटे के हिसाब से रुपये लेकर हुक्का पिलाया जा रहा था।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस ने टीम बनाकर मौके पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान ग्राहक भाग निकले और संचालक भी पुलिस को देखकर फरार हो गए। तलाशी के दौरान पुलिस ने 6 हुक्का पॉट, 10 हुक्का पाइप, 3 पैकेट जेल फ्लेवर, 2 स्मोकिंग सिरना, 10 हुक्का टिप्स और एक स्टील की चिमटी जब्त की।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 993/2026 दर्ज कर सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम की धारा 4, 21(1) और 27 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।