अम्बिकापुर (पृथ्वीलाल केशरी)..सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना के सामने चल रहा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन अब निर्णायक टकराव की ओर बढ़ गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री T. S. Singh Deo ने साफ चेतावनी दी है कि यदि मंगलवार शाम 6 बजे तक कांग्रेस की मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करेंगे।

विश्रामपुर थाना परिसर के बाहर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का धरना अब राजनीतिक संघर्ष का बड़ा केंद्र बन चुका है। टीएस सिंह देव ने पुलिस प्रशासन के रवैये को “अड़ियल” बताते हुए कहा कि लगातार मांगों के बावजूद कार्रवाई नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को उनका सूर्यास्त तक उपवास रहता है, लेकिन यदि तब तक प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया तो वही उपवास आमरण अनशन में बदल जाएगा।

दरअसल, पूरा विवाद सूरजपुर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर नगर पंचायत चुनाव के दौरान दर्ज किए गए आर्म्स एक्ट मामले को लेकर शुरू हुआ। कांग्रेस का आरोप है कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई, जबकि नरेंद्र जैन के घर पहुंचकर विवाद करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ पुलिस अब तक एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है। इसी मांग को लेकर 25 मई से प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस नेता विश्रामपुर थाने के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।

स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सोमवार देर रात करीब ढाई बजे तक टीएस सिंह देव खुद धरना स्थल पर मौजूद रहे और मंगलवार सुबह 11 बजे से फिर धरने में शामिल हो गए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस प्रशासन लगातार मामले को टालने की कोशिश कर रहा है, जबकि दूसरी तरफ भाजपा नेताओं को संरक्षण दिया जा रहा है।

अब कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि यदि शाम तक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र होगा। टीएस सिंह देव के आमरण अनशन और दीपक बैज की भूख हड़ताल की घोषणा के बाद विश्रामपुर का धरना प्रदेश की बड़ी राजनीतिक लड़ाई में बदलता दिख रहा है।