बिलासपुर..जमीन के बंटवारे के नाम पर कथित रिश्वत मांगने और रकम लेते दिखाई देने वाले वीडियो के वायरल होने के बाद पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है। तहसील पचपेड़ी में पदस्थ पटवारी के निलंबन का आदेश जिला कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा ने जारी किया है।

जारी आदेश में पटवारी पर पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, कार्यालय में अनियमित उपस्थिति और शासकीय कार्यों के प्रति उदासीनता जैसे आरोपों का उल्लेख किया गया है। शिकायतों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की गई है।

निलंबन अवधि के दौरान पटवारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित विभागों और राजस्व अधिकारियों को भी भेजी गई है।

वीडियो वायरल होने के बाद पटवारी के विरुद्ध हुई इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हलचल है। हालांकि, निलंबन आदेश में जिन प्रशासनिक लापरवाहियों का उल्लेख किया गया है, उनके साथ वायरल वीडियो में सामने आए कथित रिश्वत मामले की स्थिति भी महत्वपूर्ण है।.