Patwari suspend।बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शासकीय राजस्व कार्य के लिए 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगने एवं लेने के मामले में पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

सोशल मीडिया एवं समाचार पोर्टलों पर प्रसारित वीडियो के संबंध में तहसीलदार पचपेड़ी द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।

पटवारी स्वामी पूर्व में पटवारी हल्का नंबर 14 में पदस्थ थे तथा वर्तमान में तहसील पचपेड़ी के पटवारी हल्का नंबर 05 में कार्यरत हैं। तहसीलदार पचपेड़ी ने 28 अक्टूबर 2026 को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। आदेश में पटवारी के कृत्य को सिविल सेवा आचरण नियमों के विपरीत एवं गंभीर कदाचरण की श्रेणी में मानते हुए शासन की छवि धूमिल करने वाला बताया गया है।

निलंबन अवधि में गोस्वामी का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, कोटा कार्यालय निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। कलेक्टर ने तहसीलदार पचपेड़ी को संबंधित पटवारी के विरुद्ध आरोप पत्र तैयार कर सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।

मिली जानकारी मुताबिक मस्तूरी के पचपेड़ी में पदस्थ पटवारी ऋषि पुरी गोस्वामी का जमीन बंटवारे के मामले में कथित रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो करीब चार महीने पुराना बताया जा रहा है।

मामला सामने आने के बाद मस्तूरी एसडीएम बजरंग वर्मा ने तहसीलदार प्रकाश साहू को जांच के निर्देश दिए हैं। पटवारी को बयान के लिए मस्तूरी बुलाया गया था, लेकिन वह नहीं पहुंचा।

वायरल वीडियो में पटवारी जमीन मालिकों से काम कराने के बदले लेनदेन की बात करता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि जमीन बंटवारे के लिए 50 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था, जिसमें 25 हजार रुपए पटवारी के हिस्से के थे। बातचीत के दौरान जमीन मालिक की ओर से नोटों की गड्डी देते हुए एक व्यक्ति दिखाई देता है।