LIVE UPDATE
Bilaspur

फुटपाथ खाली करो, सड़क जनता की है: बिलासपुर ट्रैफिक का सख्त अल्टीमेटम”

सड़क पर अब “नो बहाना”: पांचवां ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन घोषित

बिलासपुर… शहर की सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग, फैला सामान और संकरे रास्तों से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की पहल तेज हुई। यातायात पुलिस ने ट्रेफिक वायलेशन फ्री जोन अभियान का दायरा बढ़ाते हुए पांचवां सेक्टर घोषित कर दिया। अब हेमू कालानी चौक से नया बस स्टैंड तक का हिस्सा सख्त निगरानी में रहेगा।

यह कार्रवाई भूतल एवं सड़क परिवहन मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों और पुलिस मुख्यालय के मार्गदर्शन में चल रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत हो रही है। 1 जनवरी 2026 से जिले में चरणबद्ध और समयबद्ध योजना पर काम जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात अमला लगातार मैदान में है।

पांच सेक्टर तैयार, शहर को अनुशासन की आदत

अब तक शहर में पांच सेक्टर ट्रेफिक वायलेशन फ्री जोन घोषित हो चुके हैं। पीपीपी मॉडल पर सभी सेक्टरों में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने की कोशिश चल रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मुख्य मार्ग को संकीर्ण करने, फुटपाथ घेरने या सामान फैलाने पर सीधे कार्रवाई होगी।

नवीन सेक्टर-05 में लगातार अनाउंसमेंट के जरिए नागरिकों और व्यापारियों को समझाइश दी गई। बावजूद इसके कई दुकानदारों ने निर्देशों की अनदेखी कर फुटपाथ और सड़कों पर अवरोध खड़े किए। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बैनर, पोस्टर, फ्लेक्स, एलईडी और अवैध विज्ञापन बोर्ड जब्त कर नष्टीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी।

दुकान के सामने पार्किंग नहीं, सड़क सबकी है

दुकानदारों को साफ निर्देश दिया गया कि वे अपने और ग्राहकों के वाहनों की व्यवस्था दुकान परिसर के भीतर या वैकल्पिक स्थान पर करें। मुख्य मार्ग पर वाहन खड़ा करना या विक्रय सामग्री फैलाकर रास्ता रोकना अब महंगा पड़ेगा। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई के साथ अन्य धाराओं में भी प्रकरण दर्ज होगा।

26 फरवरी को सघन अभियान

यातायात पुलिस ने 26 फरवरी को हेमू कालानी चौक से नया बस स्टैंड तक विशेष सघन अभियान की घोषणा कर दी है। पहले से अनाउंसमेंट कर सूचना दी जा चुकी है। इसके बाद भी अवरोध मिला तो तत्काल सख्त कार्रवाई होगी।

जनसहयोग बना ताकत

अभियान को आम नागरिकों और कई व्यवसायियों का सहयोग मिल रहा है। पुलिस का कहना है कि सड़क सिर्फ प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, हर नागरिक की भी है।

आज की कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, डीएसपी शिव चरण परिहार, नगर निगम के जोन कमिश्नर, टैंगो अभय खलखों, प्रधान आरक्षक धनसिंह, कुशल कौशिक और नगर निगम स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close