School News: स्कूल में गुरुजी पर लाठी से हमला; अधूरा जाति प्रमाणपत्र फॉर्म भरने को कहा तो युवक ने प्रधानाचार्य को पीटा
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। जाति प्रमाण पत्र के अधूरे फॉर्म को पूरा भरकर लाने की नसीहत देना एक प्रधानाचार्य को भारी पड़ गया, जिसके बाद एक युवक ने कार्यालय में घुसकर उन पर लाठी से हमला कर दिया।

School News: बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर जिले के कुनपालसर गांव में एक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
महज एक दस्तावेजी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए कहने पर एक युवक इस कदर भड़क गया कि उसने स्कूल के भीतर घुसकर प्रधानाचार्य की लाठी से पिटाई कर दी।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
क्या है पूरा विवाद?
श्रीडूंगरगढ़ पुलिस के अनुसार, यह घटना 23 फरवरी की दोपहर करीब 12 बजे की है। कार्यवाहक प्रधानाचार्य किशना राम ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि जगदीश प्रसाद नामक एक युवक जाति प्रमाणपत्र पर हस्ताक्षर कराने विद्यालय आया था। फॉर्म अधूरा होने के कारण प्रधानाचार्य ने उसे पूरा भरकर लाने के लिए कहा।
कुछ समय बाद, रामचंद्र पुत्र पुसाराम वही अधूरा फॉर्म लेकर दोबारा प्रधानाचार्य के पास पहुंचा। जब किशना राम ने उसे भी नियम समझाते हुए फॉर्म पूरा करने की बात कही, तो रामचंद्र ने अपना आपा खो दिया। आरोप है कि युवक ने कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज शुरू कर दी और प्रधानाचार्य पर लाठी से हमला कर दिया।
सहकर्मियों ने बचाई जान
शोर-शराबा और मारपीट की आवाज सुनकर स्कूल के अन्य शिक्षक और सहकर्मी विनोद पूनियां मौके पर पहुंचे। स्टाफ को अपनी ओर आता देख आरोपी रामचंद्र मौके से फरार हो गया। हमले में प्रधानाचार्य किशना राम को शारीरिक चोटें आई हैं। घटना के बाद विद्यालय के शिक्षकों और स्थानीय शिक्षा जगत में गहरा रोष व्याप्त है।
पुलिस की कार्रवाई
मारपीट का वीडियो वायरल होने और प्रधानाचार्य की शिकायत के बाद श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





