बिलासपुर… छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कबीरधाम कलेक्टर के उस आदेश को निरस्त कर दिया है, जिसमें सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख के पद पर पदोन्नत अधिकारी को नायब तहसीलदार के पद पर काम करने का आदेश दिया गया था। हाईकोर्ट ने शासन के निर्देशों के विपरीत ऐसा आदेश जारी किए जाने को गंभीरता से लेते हुए शासन और कलेक्टर कबीरधाम से चार सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है।

मामला अर्जुन साहू से जुड़ा है। शासन ने 19 फरवरी 2026 को राजस्व निरीक्षकों को सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख के पद पर पदोन्नत करने का आदेश जारी किया था। इसके तहत मुंगेली जिले में राजस्व निरीक्षक के पद पर पदस्थ अर्जुन साहू को पदोन्नति देकर कबीरधाम जिले में स्थानांतरित किया गया था।

कबीरधाम पहुंचने के बाद कलेक्टर ने 1 मई 2026 को अर्जुन साहू को नायब तहसीलदार के पद पर काम करने का आदेश जारी कर दिया। अर्जुन साहू ने इस आदेश को अनुचित बताते हुए अधिवक्ता मिर्जा हफीज बेग के माध्यम से हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की।

याचिका पर 23 नवंबर 2026 को सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने कलेक्टर के आदेश को शासन के 12 जून 2023 के निर्देशों के विपरीत पाया और उसे निरस्त कर दिया।

याचिका में बताया गया कि शासन ने सभी जिलों के कलेक्टरों को सहायक अधीक्षक भू-अभिलेखों को तहसीलदार या नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ नहीं करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके बावजूद कबीरधाम कलेक्टर ने अर्जुन साहू को नायब तहसीलदार के पद पर कार्य करने का आदेश दिया।

हाईकोर्ट ने शासन के निर्देशों के विपरीत आदेश जारी किए जाने पर गंभीरता जताते हुए शासन और कलेक्टर कबीरधाम को चार सप्ताह के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।