CG News. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पुलिसकर्मियों की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। प्रतीक्षा बस स्टैंड परिसर में दो पुलिसकर्मी कथित तौर पर शराब के नशे में बेसुध हालत में जमीन पर पड़े मिले।

हैरानी की बात यह रही कि उनके पास रखी INSAS राइफल एक टेबल पर लावारिस हालत में पड़ी थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम प्रतीक्षा बस स्टैंड परिसर में दोनों पुलिसकर्मी जमीन पर बेसुध पड़े दिखाई दिए। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वहां मौजूद लोगों की नजर जब पुलिसकर्मियों की हालत और टेबल पर रखी लावारिस INSAS राइफल पर पड़ी, तो उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राइफल को अपने कब्जे में लेकर दोनों पुलिसकर्मियों को वहां से ले गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी दुर्ग से एक कैदी को अंबिकापुर जेल में शिफ्ट कराने आए थे। बताया जा रहा है कि कैदी को जेल में दाखिल कराने के बाद दोनों ने कथित तौर पर शराब पी। इसके बाद वे नशे की हालत में बस स्टैंड परिसर में बेसुध होकर गिर पड़े।

इस दौरान उनके पास मौजूद सरकारी हथियार लावारिस हालत में पड़ा रहा। सार्वजनिक स्थान पर हथियार की इस तरह असुरक्षित स्थिति को गंभीर लापरवाही के तौर पर देखा जा रहा है।

घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। एसएसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।