बिलासपुर… लोकसंस्कृति की थाप, पारंपरिक वेशभूषा और यदुवंशियों की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक रावत नाच महोत्सव एक बार फिर बिलासपुर में अपनी भव्यता के साथ सजने जा रहा है। आयोजन के 49वें वर्ष में 28 नवंबर को लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में रावत नाच की प्रस्तुतियां होंगी। महोत्सव में शामिल होने वाले प्रत्येक रावत नाच दल को यादव समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु यादव अपनी ओर से दो हजार रुपये की नगद राशि देंगे। इस घोषणा से आयोजन में शामिल होने वाले सभी दलों को प्रोत्साहन मिलेगा।

महोत्सव की तैयारियों को लेकर रावत नाच महोत्सव समिति की बैठक हुई। आयोजन समिति के संयोजक डॉ. कालीचरण यादव ने सदस्यों के साथ आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और दूसरे जिलों व राज्यों से आने वाले रावत दलों की भागीदारी पर चर्चा की। बैठक में विष्णु यादव ने प्रत्येक सहभागी दल को दो हजार रुपये देने की घोषणा की। समिति ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे लोकपरंपरा से जुड़े कलाकारों का उत्साह बढ़ाने वाला कदम बताया।

डॉ. कालीचरण यादव ने बताया कि बिलासपुर में रावत नाच महोत्सव की शुरुआत 48 साल पहले हुई थी। तब से यह आयोजन लगातार लोकपरंपरा और सामाजिक सांस्कृतिक विरासत को मंच देता आ रहा है। हर वर्ष बिलासपुर संभाग के अलावा छत्तीसगढ़ के दूसरे क्षेत्रों और पड़ोसी राज्यों से भी रावत नाच दल अपनी प्रस्तुतियां देने पहुंचते हैं। पारंपरिक वेशभूषा, वाद्य यंत्रों की संगत और नृत्य की विशिष्ट शैली इस महोत्सव को अलग पहचान देती है।

इस बार भी 28 नवंबर, शनिवार को शाम चार बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। विभिन्न दलों की प्रस्तुतियों का निर्णायकों की टीम आकलन करेगी। नृत्य की गुणवत्ता, पारंपरिक वेशभूषा, वाद्य संगत और प्रस्तुति के आधार पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले दलों को नगद पुरस्कार और शील्ड प्रदान की जाएगी। खास बात यह है कि इस बार प्रतियोगिता के परिणाम से अलग, महोत्सव में पहुंचने वाले प्रत्येक दल को विष्णु यादव की ओर से दो हजार रुपये दिए जाएंगे।

बैठक में धन्नू यादव, विजय यादव, रामफल यादव, टीकाराम यादव, दुर्गेश यदु, कन्हैया, चंद्रिका यादव, भारत यादव, तेरस यादव, संतोष, प्रकाश यादव, अभिमन्यु, जागेश्वर, सुरेश, दुर्गा, विशंभर, प्रेमलाल यादव, रामचरण, निलेश यादव, संदीप और सतीश यादव सहित आयोजन समिति के सदस्य व पदाधिकारी मौजूद रहे।