LIVE UPDATE
Chhattisgarh

अधिकारी सरकार की धनिया बो रहे.. अव्यवस्था पर भड़के विधायक ने कहा.. किसी को नहीं बक्सेंगे

कलाकार भूखे, अधिकारी बेपरवाह— अव्यवस्था पर विधायक का सख्त तेवर

गरियाबंद..राजिम कुंभ कल्प मेले में सामने आई गंभीर अव्यवस्थाओं ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेले का निरीक्षण करने पहुंचे राजिम विधायक रोहित साहू का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा, जब कलाकारों के साथ बदसलूकी और बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी सामने आई।

विधायक ने मौके पर मौजूद जिला प्रशासन और इवेंट एजेंसी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ऐसी लापरवाहियां सीधे तौर पर सरकार की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि जिम्मेदारों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान कई अधिकारी जवाब देने की बजाय एक-दूसरे की ओर देखते नजर आए।

मामला कुंभ मेले में प्रस्तुति देने आए कलाकारों से जुड़ा है, जिन्हें कार्यक्रम समाप्त होने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक मंच के पास बैठाए रखा गया। न तो उनके लिए भोजन की व्यवस्था थी और न ही पीने के पानी की। इससे पहले भी इवेंट कंपनी पर पत्रकारों और आम लोगों के साथ अभद्रता और अनावश्यक रोक-टोक के आरोप लग चुके थे, बावजूद इसके हालात नहीं सुधरे।

जानकारी मिलते ही विधायक रोहित साहू स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से जवाब तलब किया। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और स्पष्ट कहा कि राजिम कुंभ कल्प केवल आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की आस्था, संस्कृति और पहचान है— यहां लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्थिति को संभालते हुए विधायक साहू सभी कलाकारों को अपने साथ एक निजी रेस्टोरेंट ले गए और भोजन की व्यवस्था कराई। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी घटना दोहराई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसी पर सख्त कार्रवाई तय है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button