बिलासपुर… चिंगराजपारा में शिव मंदिर के पास हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में सरकंडा पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बब्बन सारथी उर्फ राज सारथी, निवासी प्रभात चौक, चिंगराजपारा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से नौ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को क्षेत्र में भ्रमण के दौरान सूचना मिली कि शिव मंदिर के पास एक युवक धारदार चाकू लेकर लोगों को धमका रहा है। सूचना पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान बब्बन सारथी उर्फ राज सारथी के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से स्टील का बना धारदार बटननुमा चाकू जब्त किया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड में नौ प्रकरण दर्ज हैं। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।