बिलासपुर…शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले में तारबाहर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से धारदार चाकू भी जब्त किया है। वहीं, नवरात्रि के दौरान शांति भंग करने की आशंका पर एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, डीपूपारा निवासी मोहन साहू उर्फ राहुल ने शिकायत दर्ज कराई कि 11 अक्टूबर की रात वह राजू किराना दुकान में सामान लेने गया था। इसी दौरान भूपेश सिंह लोनिया उर्फ राजा, निवासी तारबाहर मस्जिद के पीछे, उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की।

शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।

इसी क्रम में पुलिस ने नवरात्रि के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजकुमार घृतलहरे, निवासी तारबाहर, के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। उसे सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया।