Cg news।बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में 50 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के टोनाटार गांव में रोहिणी बाई बंजारे का शव घर के अंदर खून से लथपथ मिला।

महिला की धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका है। मामले में मृतका के पति पर संदेह जताया जा रहा है, जो वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है। हालांकि, हत्या में उसकी भूमिका की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, घटना 10 और 11 अक्टूबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है। 11 अक्टूबर की सुबह रोहिणी बाई बंजारे का शव घर में मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद या आपसी रंजिश को संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल में जुटी है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपी की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही मामले का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद टोनाटार गांव में दहशत का माहौल है।