रायपुर… मौदहापारा थाना क्षेत्र में एक इलेक्ट्रॉनिक फर्म के भीतर बड़ी वित्तीय गड़बड़ी सामने आई है। पुलिस ने फर्म के एकाउंटेंट पर 5 लाख 63 हजार 390 रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

संचालक ने दर्ज कराई शिकायत

स्वर्णभूमि सोसायटी निवासी प्रवीण अग्रवाल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। प्रवीण अग्रवाल एमजी रोड, मौदहापारा स्थित अंबिका टावर में संचालित अंबिका इलेक्ट्रॉनिक प्राइवेट लिमिटेड के संचालक हैं। उनकी फर्म में देवाशीष मेहर एकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था।

एक साल में कई बार किया ट्रांजैक्शन

शिकायत के अनुसार, आरोपी एकाउंटेंट देवाशीष मेहर ने 4 जुलाई 2024 से 1 सितंबर 2025 के बीच अलग-अलग तारीखों में फर्म के बैंक खाते से रकम निकालकर सीधे अपने खाते में ट्रांसफर कर ली। कुल गबन की रकम 5,63,390 रुपये बताई गई है।

धोखाधड़ी की धारा में केस दर्ज

मामले की जांच के बाद मौदहापारा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की भूमिका, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।

ठगी और साइबर अपराध पर पुलिस का शिकंजा

रायपुर पुलिस द्वारा लगातार ठगी और साइबर अपराध के मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। कई मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, वहीं अवैध संपत्तियों की कुर्की कर पीड़ितों को राशि वापस दिलाने की पहल भी की जा रही है।

गहन जांच जारी

फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई जारी है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।