बिलासपुर…किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी को परखने और मजबूत करने के उद्देश्य से बिलासपुर केंद्रीय जेल परिसर में फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास महानिदेशक नगर सेवा एवं नागरिक सुरक्षा, एसडीआरएफ, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा तथा जिला कलेक्टर बिलासपुर के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।

जिला कमांडेंट एवं जिला फायर ऑफिसर दीपांकुर नाथ के निर्देशन में तथा स्टेशन फायर ऑफिसर वेद नारायण सेन के पर्यवेक्षण में नगर सेना, फायर विभाग, एसडीआरएफ परसदा और बिलासपुर की संयुक्त टीम ने मॉक ड्रिल को अंजाम दिया। अभ्यास के दौरान जेल परिसर को संभावित आपदा परिदृश्य मानते हुए आग पर नियंत्रण की पूरी प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से प्रदर्शित किया गया।

मॉक ड्रिल में सॉलिड फायर, लिक्विड फायर और गैस फायर जैसे विभिन्न प्रकार की आग की जानकारी दी गई और यह बताया गया कि किस परिस्थिति में किस प्रकार के अग्निशमन एजेंट का प्रयोग प्रभावी होता है। इसके साथ ही फायर ट्रायंगल की अवधारणा को भी सरल तरीके से समझाया गया, जिससे आग लगने के मूल कारणों और नियंत्रण की रणनीति को स्पष्ट किया जा सके।

अभ्यास का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा लाइव फायर मॉक ड्रिल रहा, जिसमें केंद्रीय जेल बिलासपुर के अधिकारी और कर्मचारियों ने स्वयं आग पर काबू पाने का अभ्यास किया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि किसी वास्तविक आपात स्थिति में जेल प्रशासन त्वरित, सुरक्षित और समन्वित प्रतिक्रिया दे सके।

इस अवसर पर केंद्रीय जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी, जेलर बृजेश साहू सहित जेल के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं एसडीआरएफ से दुर्गेश राठौर एवं टीम तथा फायर विभाग से मोहन साहू और उनकी टीम ने तकनीकी सहयोग और प्रशिक्षण प्रदान किया।

फायर मॉक ड्रिल के माध्यम से यह संदेश स्पष्ट रहा कि संवेदनशील परिसरों में सुरक्षा केवल व्यवस्था नहीं, बल्कि सतत अभ्यास और तैयारी की मांग करती है।