बिलासपुर…माघ मास की पुण्य बेला में बिलासपुर की धरती आज साक्षात् आध्यात्मिक चेतना से आलोकित हो उठी। लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर में सजे भव्य पंडाल में जैसे ही देश के प्रतिष्ठित संत और सुप्रसिद्ध रामकथा वाचक विजय कौशल महाराज के श्रीमुख से रामकथा का शुभारंभ हुआ, पूरा वातावरण भक्ति, भाव और श्रद्धा के सागर में डूब गया।

व्यास पीठ से महाराज ने कहा कि माघ मास भगवान की कथा श्रवण और पूजन का सर्वोत्तम समय है। प्रयागराज की तरह जहां गंगा तट पर साधु-संत और गृहस्थ मोक्ष की कामना से कथा में लीन होते हैं, वहीं यह रामकथा स्वयं चलकर बिलासपुर आई है। उन्होंने रामकथा को गंगा के समान मोक्षदायिनी बताते हुए कहा कि कथा श्रवण ही मोक्ष प्राप्ति का सबसे सरल, सबसे अटल और सबसे सुनिश्चित मार्ग है।

विजय कौशल महाराज ने बताया कि जहां भी भगवान की कथा होती है, वहां सभी तीर्थ स्वतः आकर निवास करते हैं।  स्वयं भगवान भी वहां विराजमान रहते हैं। उन्होंने भगवान के वचनों का स्मरण कराते हुए कहा कि जहां भक्त प्रेम से कथा सुनते हैं, वहां भगवान स्वयं उपस्थित रहते हैं। इस वाक्य के साथ ही पूरा पंडाल “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा।

महाराज ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि जीवन में जब भी समय मिले, जहां भी अवसर मिले, रामकथा अवश्य सुनें। उन्होंने कहा कि कथा श्रवण में ही भगवान के दर्शन का फल समाहित है। योग, यज्ञ, जप और तप भगवान को वश में नहीं कर सकते, लेकिन कथा का प्रेम भगवान को भी बांध लेता है।

माता पार्वती और भगवान शंकर के संवाद का अत्यंत मार्मिक वर्णन करते हुए महाराज ने निर्गुण और सगुण के दार्शनिक प्रश्नों को सहज भाव में समझाया। उन्होंने कहा कि माता पार्वती ने भगवान शंकर के प्रसन्न क्षण की प्रतीक्षा की और सही समय पर प्रश्न किया—यही भक्ति की पराकाष्ठा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भगवान न तो केवल निर्गुण हैं और न ही केवल सगुण, बल्कि वे भक्त की भावना में प्रकट होते हैं।

महाराज ने पाखंड और मूर्ति-विरोधी मानसिकता से दूर रहने की सीख देते हुए कहा कि भगवान खोजने से नहीं, पुकारने से मिलते हैं। द्रौपदी चीरहरण का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जब संसार साथ छोड़ देता है, तब भगवान पुकार पर दौड़े चले आते हैं।

जीवन के सामाजिक और नैतिक पक्ष पर बोलते हुए विजय कौशल महाराज ने कहा कि धन का मद मनुष्य को अंधा बना देता है और पद का अहंकार उसे बहरा। उन्होंने सुमधुर भजनों, रामचरितमानस की चौपाइयों और रोचक दृष्टांतों के माध्यम से कथा को ऐसा प्रवाह दिया कि श्रोता भाव-विभोर होकर कभी हँसे, कभी रोए और कभी मौन में डूब गए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में महाराज का भव्य स्वागत मुख्य संरक्षक अमर अग्रवाल, शशि अग्रवाल, सजन अग्रवाल, अध्यक्ष महेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष मोतीलाल सुलतानिया, संयोजक गुलशन ऋषि, रजनी गुलशन ऋषि, किशन बुधिया सहित विभिन्न समाजों—सूर्यवंशी समाज, खंडेलवाल समाज, खटीक समाज, कन्नौजे रजक समाज, बैसवारा रजक समाज, स्वर्णकार समाज, चंद्रपुरिहा कसौंधन वैश्य समाज, राजपूत क्षत्रिय महासभा, नवयुवक कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज—के प्रतिनिधियों द्वारा किया गया।

आरती और समापन अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, बृजमोहन अग्रवाल, सुनील गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आयोजन समिति के अनुसार यह रामकथा 19 जनवरी तक चलेगी और यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बिलासपुर को आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक सद्भाव और आत्मिक ऊर्जा से जोड़ने वाला एक ऐतिहासिक महायज्ञ बनने जा रहा है।