बिलासपुर… रतनपुर थाना पुलिस ने ग्राम लखराम में सरेआम धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले दो आदतन बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को सूचना मिली कि ग्राम लखराम के अलग-अलग स्थानों पर दो युवक हाथ में चाकू लेकर लोगों में दहशत फैला रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और टीम गठित कर मौके पर रवाना हुए।

पुलिस ने गायत्री चौक से परमेश्वर केंवट उर्फ पेशू और बाजार चौक के पास से रूपेश साहू को घेराबंदी कर पकड़ लिया। दोनों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद हुए। पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक देवकी रावटे, मनोज एक्का और आरक्षक धीरज कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।