बिलासपुर… नंबर प्लेट को टेप, पन्नी, मैग्नेट, कपड़े या पेंट से ढककर पुलिस की नजर से बचने की कोशिश अब वाहन चालकों को भारी पड़ रही है। बिलासपुर यातायात पुलिस ने ऐसे 724 वाहन चालकों पर कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान कुल 7 लाख 24 हजार रुपये का चालान शुल्क जारी किया गया। कुछ मामलों को न्यायालय भेजा गया, जबकि कई प्रकरणों में स्थानीय पुलिस के जरिए आपराधिक मामले भी दर्ज किए गए।

यातायात पुलिस के मुताबिक कार्रवाई सिर्फ नंबर प्लेट पर कागज चिपकाने तक सीमित नहीं है। नंबर प्लेट को मोड़कर नंबर छिपाना, टेप या मैग्नेट लगाना, पन्नी-कपड़े से ढंकना, पेंट या स्टीकर के जरिए नंबर अस्पष्ट करना जैसे तरीके भी निगरानी के दायरे में हैं। पुलिस ने यातायात के अलग-अलग प्वाइंट पर तैनात बल को ऐसे वाहनों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस की नजर में मामला सिर्फ चालान से बचने का नहीं है। नंबर प्लेट अस्पष्ट होने पर वाहन की पहचान मुश्किल हो जाती है। ऐसे में किसी संदिग्ध वाहन की तत्काल पहचान और उसे दूसरे चौराहे पर रोकने के लिए यातायात पुलिस ने कंट्रोल रूम के जरिए सूचना साझा करने की व्यवस्था पर भी जोर दिया है। बिना नंबर प्लेट या छेड़छाड़ वाली नंबर प्लेट वाले वाहन को एक प्वाइंट पर तत्काल रोक पाना संभव न हो तो अगले चौक या यातायात प्वाइंट पर रोकने के लिए सूचना भेजी जा रही है।

यातायात पुलिस के अनुसार अब तक की कार्रवाई में 724 वाहनों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा चुकी है। इनसे 7.24 लाख रुपये का चालान शुल्क जारी किया गया है। कई मामलों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां आर्थिक दंड भी लगाया गया। कुछ मामलों में स्थानीय पुलिस के माध्यम से आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजे जाने की बात भी पुलिस ने कही है।

नंबर प्लेट को लेकर पुलिस ने साफ किया है कि चालान से बचने के लिए नंबर छिपाने या अस्पष्ट करने का तरीका अपनाने वालों पर अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का तर्क है कि स्पष्ट नंबर प्लेट केवल यातायात नियमों का हिस्सा नहीं, बल्कि किसी वाहन की पहचान का अहम माध्यम भी है।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपने वाहनों पर स्पष्ट और नियमानुसार नंबर प्लेट लगाने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर वाहन चलाने वालों की निगरानी और चेकिंग का अभियान लगातार जारी रहेगा।