कांकेर। शनिवार को स्कूलों का संचालन प्रातःकालीन करने और बैगलेस डे के तहत होने वाली योग, खेलकूद, पीटी और सांस्कृतिक गतिविधियां सुबह कराने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद और जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने कहा कि दोपहर की तेज धूप और गर्मी में बच्चों से खेलकूद और दूसरी शारीरिक गतिविधियां कराना ठीक नहीं है। सुबह का समय इसके लिए ज्यादा बेहतर है।

एसोसिएशन ने कहा कि शनिवार को प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में बैगलेस डे के तहत योग, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां कराई जानी हैं। इसके लिए सुबह का समय ठीक रहता है। कांकेर में पहले भी शनिवार को प्रातःकालीन स्कूल लगाए जाते रहे हैं। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से भी इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।

ज्ञापन में अनुसूचित क्षेत्र में पदस्थ कर्मचारियों और अधिकारियों को विशेष अर्जित अवकाश देने का आदेश जारी करने की मांग की गई। लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान गर्मी की छुट्टी में चुनाव ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को अर्जित अवकाश देने और इसे सेवा पुस्तिका में दर्ज करने की मांग भी की गई। गर्मी की छुट्टी में डोर-टू-डोर सर्वे करने वाले शिक्षकों को भी अर्जित अवकाश देने की मांग रखी गई।

एसोसिएशन ने वीएसके एप में आ रही तकनीकी दिक्कत दूर होने तक संस्था प्रमुख द्वारा किए गए उपस्थिति सत्यापन को मान्य करने की मांग की। युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षकों को नवीन भर्ती से पहले उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर उनके मूल विकासखंड या जिले में फिर से पदस्थ करने की मांग भी की गई।

शिक्षकों की पदोन्नति समय सीमा में करने, सेवा पुस्तिका का कोष एवं लेखा से निशुल्क सत्यापन कराने के लिए जिला स्तरीय शिविर लगाने का प्रस्ताव उच्च कार्यालय भेजने और शिक्षकों की अवकाश पासबुक तथा सेवा पुस्तिका का संधारण करने की मांग की गई।

एसोसिएशन ने उच्च योग्यता अनुमति के आदेश जल्द जारी करने, जिला और विकासखंड स्तर की परामर्शदात्री समिति की बैठक कराने, वरिष्ठता सूची की गलतियां सुधारने और संशोधन से प्रभावित 94 प्रधानाध्यापकों को वर्तमान संस्था में उपलब्ध रिक्त पद के आधार पर पदस्थ करने की मांग की।

इसके साथ ही टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों की योग्यता सेवा पुस्तिका में दर्ज करने और शिक्षकों को पढ़ाई के अलावा दूसरे गैर-शैक्षणिक कार्यों में ड्यूटी नहीं लगाने की मांग की गई।

प्रदेश संयोजक वाजिद खान, प्रदेश महासचिव हेमेंद्र साहसी, जिलाध्यक्ष स्वदेश शुक्ला और जिला सचिव संतोष जायसवाल ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए योग, खेलकूद, पीटी और सांस्कृतिक गतिविधियां जरूरी हैं। गर्मी के मौसम में दोपहर के बजाय सुबह इन गतिविधियों का आयोजन बच्चों के लिए बेहतर रहेगा।

शिक्षक नेताओं के मुताबिक जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद ने शनिवार को प्रातःकालीन स्कूल संचालन के संबंध में राज्य स्तर से मार्गदर्शन लेकर कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने शिक्षकों की दूसरी स्थानीय समस्याओं के निराकरण का भी आश्वासन दिया। जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी ने कलेक्टर से चर्चा कर इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

ज्ञापन सौंपने के दौरान विकासखंड अध्यक्ष भोला प्रसाद ठाकुर, बोधन साहू, सत्यनारायण नायक, गोरखनाथ ध्रुव, अनुप पुरबिया, जिला पदाधिकारी निरंकार श्रीवास्तव, राजेन्द्र खुड़श्याम, राममनोरथ राय, हेमंत श्रीवास्तव, रामभुवन वर्मा, पतिराम कुमेटी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।