बिलासपुर… बिलासपुर में नशे की खेप पहुंचाने वाला कारोबारी पंजाब के अमृतसर में बैठा था। यहां नशा बेचने वाले को पुलिस ने पकड़ा तो जांच की कड़ियां एक ऐसे सप्लायर तक पहुंच गईं, जो दूसरे राज्य में बैठकर बिलासपुर में नशे का कारोबार चला रहा था। इसके बाद बिलासपुर पुलिस ने शहर की सीमाओं से बाहर निकलकर पंजाब तक उसका पीछा किया और अमृतसर में दबिश देकर अंतरराज्यीय हेरोइन  यानी चिट्टा कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया।

उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की निगरानी में हुई इस कार्रवाई में एसीसीयू और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू, निवासी महेंद्रा एवेन्यू, सुल्तान विंड, अमृतसर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बिलासपुर लाकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

उसलापुर की गिरफ्तारी ने खोला पंजाब का रास्ता

इस कार्रवाई की शुरुआत 24 अक्टूबर 2026 को हुई, जब सकरी पुलिस ने उसलापुर बाजार के पास दीपक वालिया को पकड़ा था। मूल रूप से अमृतसर निवासी दीपक फिलहाल उसलापुर में रह रहा था। उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये थी, और 10,500 रुपये नकद मिले थे। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।

लेकिन पुलिस की जांच गिरफ्तारी के साथ खत्म नहीं हुई। दीपक से पूछताछ और साइबर सेल के तकनीकी इनपुट ने नशे की सप्लाई के पीछे अमृतसर में बैठे रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू का नाम सामने ला दिया। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर एसीसीयू और सकरी पुलिस की विशेष टीम पंजाब रवाना हुई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया गया।

सिर्फ बेचने वाला नहीं, कारोबारी तक की रणनीति

इस कार्रवाई की अहमियत इसलिए भी है कि पुलिस ने नशे के साथ पकड़े गए व्यक्ति तक अपनी जांच सीमित नहीं रखी। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के सहारे सप्लाई के स्रोत तक पहुंचने की कोशिश की गई। बिलासपुर से अमृतसर तक की गई कार्रवाई इसी जांच का नतीजा है। पुलिस अब नशे के कारोबार से जुड़े दूसरे लोगों और सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों की भी पड़ताल कर रही है।

एसएसपी रजनेश सिंह..कोई भी  हो..नहीं बचेगा 

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा, “नशे का कारोबार करने वालों के लिए बिलासपुर और बिलासपुर के बाहर का कोई अंतर नहीं है। जो लोग यहां नशा खपाने के लिए दूसरे राज्यों में बैठकर नेटवर्क चला रहे हैं, पुलिस उन तक भी पहुंचेगी। हमारी कार्रवाई का उद्देश्य केवल एक आरोपी को पकड़ना नहीं, बल्कि नशे की पूरी सप्लाई चेन तोड़ना है। इस कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”

उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल व्यक्ति चाहे बिलासपुर में बैठा हो या देश के किसी दूसरे हिस्से में, पुलिस की कार्रवाई से बच नहीं सकता। तकनीकी साक्ष्यों और एंड-टू-एंड विवेचना के जरिए पूरे नेटवर्क की पहचान कर हर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शिंदे, एएसआई सुरेंद्र तिवारी, राजेश्वरधर दीवान तथा आरक्षक राकेश यादव और रमेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।