बिलासपुर… छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) के डॉक्टरों ने छह वर्षीय बैगा जनजाति के बालक की अन्ननली में फंसा सिक्का सफलतापूर्वक निकालकर उसकी जान बचा ली। जटिल माने जाने वाले इस मामले में ईएनटी, एनेस्थीसिया और रेडियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञों ने समन्वित प्रयास करते हुए बिना किसी जटिलता के ऑपरेशन पूरा किया।

कोटा तहसील के सरगोंड निवासी छह वर्षीय नरेंद्र खेलते समय गलती से सिक्का निगल गया। इसके बाद उसे निगलने में गंभीर परेशानी होने लगी। परिजन पहले उसे पेंड्रा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

सिम्स पहुंचने पर एक्स-रे जांच में पता चला कि सिक्का श्वासनली के मुहाने के ठीक पीछे अन्ननली के ऊपरी हिस्से में फंसा है। इसके बाद एनेस्थीसिया देकर रिजिड इसोफैगोस्कोपी की गई। ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. आरती पाण्डेय और सहायक प्राध्यापक डॉ. श्वेता मित्तल के नेतृत्व में टीम ने अत्यंत सावधानी से सिक्का बाहर निकाल लिया। ऑपरेशन के बाद बच्चे की स्थिति सामान्य और संतोषजनक बताई गई।

अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की दक्षता और विभिन्न विभागों के समन्वय से सिम्स में जटिल एवं आपातकालीन मामलों का भी समयबद्ध और सफल उपचार हो रहा है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने अभिभावकों से अपील की कि यदि कोई बच्चा सिक्का, बटन बैटरी, चुंबक या अन्य छोटी वस्तु निगल ले तो घरेलू उपाय करने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचें।

ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. आरती पाण्डेय ने कहा कि बच्चों की पहुंच से छोटी वस्तुओं को दूर रखें और निगलने या सांस लेने में परेशानी होने पर बिना देर किए विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करें।