जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में स्कूलों की नई समय-सारणी को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है। नई व्यवस्था के तहत शनिवार को भी मर्ज यानी युक्तियुक्तकरण के बाद बड़े स्कूलों के साथ संचालित प्राथमिक और मिडिल स्कूलों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कक्षाएं लगेंगी।

इससे शनिवार को आयोजित होने वाली बैगलेस डे, योग, सूर्य नमस्कार और खेलकूद जैसी गतिविधियों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। खासकर उन स्कूलों में यह स्थिति सामने आई है, जहां प्राथमिक और मिडिल कक्षाएं हाई या हायर सेकेंडरी स्कूलों के साथ एक ही परिसर में संचालित हो रही हैं।

पहले जिले के सरकारी प्राथमिक, मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में शनिवार को सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक कक्षाएं संचालित होती थीं। इस दिन को बैगलेस डे के रूप में मनाया जाता था। विद्यार्थियों को किताबों के बोझ से राहत देकर खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वाद-विवाद, योग और सूर्य नमस्कार जैसी सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में शामिल किया जाता था।

नई समय-सारणी लागू होने के बाद मर्ज किए गए प्राथमिक और मिडिल स्कूलों में भी शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक स्कूल संचालन की व्यवस्था की गई है।

इस बदलाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि दोपहर के समय तेज धूप में खुले मैदान में योग, सूर्य नमस्कार और शारीरिक गतिविधियां कराना कितना व्यावहारिक होगा।

इसके अलावा, एक ही परिसर में कक्षा पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के पहुंचने से भीड़ और संसाधनों के प्रबंधन की चुनौती भी बढ़ सकती है। शिक्षकों के सामने सभी कक्षाओं और गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने की जिम्मेदारी होगी।

एक ही जिले में शनिवार के लिए दो अलग-अलग समय-सारणी

नई व्यवस्था के तहत स्वतंत्र रूप से संचालित प्राथमिक और मिडिल स्कूलों में शनिवार को पहले की तरह सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक ही कक्षाएं लगेंगी।

वहीं, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों के साथ मर्ज किए गए प्राथमिक एवं मिडिल स्कूलों का संचालन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।

इससे जिले में शनिवार के दिन स्कूलों की दो अलग-अलग समय-सारणी लागू हो गई है। स्वतंत्र स्कूलों के विद्यार्थियों को जहां पहले की तरह बैगलेस डे और सुबह की गतिविधियों का अवसर मिलेगा.

वहीं मर्ज स्कूलों के बच्चों के लिए यह व्यवस्था अलग होगी। इस अंतर को लेकर अभिभावकों और शिक्षा से जुड़े लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं।

शनिवार की नई समय-सारणी इस प्रकार

सोमवार से शुक्रवार को सभी प्राथमिक, मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। इस दौरान नियमित पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई होगी।

शनिवार को स्वतंत्र प्राथमिक और मिडिल स्कूल है।स्कूल सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक लगेंगे। प्रार्थना सभा के बाद योग, व्यायाम, सूर्य नमस्कार और बैगलेस डे से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

शनिवार को हाई, हायर सेकेंडरी और मर्ज स्कूल रहेंगे। इन स्कूलों का संचालन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इस व्यवस्था को लेकर सुबह की आउटडोर गतिविधियों और बैगलेस डे के आयोजन पर सवाल उठ रहे हैं।

नई समय-सारणी के प्रभाव को लेकर अब यह चर्चा है कि मर्ज स्कूलों में भी शनिवार की रचनात्मक गतिविधियों और बैगलेस डे का उद्देश्य किस तरह पूरा किया जाएगा। विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास से जुड़ी गतिविधियों को जारी रखने के लिए व्यवस्था में किस तरह का समायोजन किया जाता है, इस पर अभिभावकों और शिक्षकों की नजर रहेगी।