cg news/रायगढ़। ट्रेनों में यात्रियों के सामान और बैंक खातों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है। अमृतसर से रायगढ़ आ रहे एक यात्री का हीराकुंड एक्सप्रेस में पर्स चोरी हो गया।

cg news/आरोप है कि पर्स में रखे एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर कुछ ही घंटों के भीतर उनके बैंक खातों से चार बार में कुल 32 हजार रुपये निकाल लिए गए।

पीड़ित का कहना है कि उन्होंने किसी को भी अपना एटीएम पिन या ओटीपी साझा नहीं किया था। घटना के बाद रायगढ़ जीआरपी ने जीरो पर एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए मामला अंबाला रेलवे पुलिस को भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।

पीड़ित राधेश्याम साहू अमृतसर से रायगढ़ आने के लिए हीराकुंड एक्सप्रेस के एस-7 कोच में यात्रा कर रहे थे। उनके पास सीट नंबर 41, 42, 43 और 44 का आरक्षण था। शिकायत के अनुसार, लंबी यात्रा के दौरान रात में जब वे अपनी सीट पर सो रहे थे, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका पर्स चोरी कर लिया।

16 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे ट्रेन के अंबाला स्टेशन के आसपास पहुंचने पर राधेश्याम की नींद खुली। इस दौरान उन्हें पर्स गायब होने का पता चला।

पर्स में पांच हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस की छायाप्रति, मोटरसाइकिल से जुड़े जरूरी दस्तावेज और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) तथा बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम कार्ड रखे हुए थे।

चार बार में खाते से निकाले गए 32 हजार रुपये

पर्स की तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो यात्री ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल कर चोरी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बैंक खातों की जांच करने पर उन्हें पता चला कि एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर रकम निकाल ली गई है।

पीड़ित के मुताबिक, उनके खातों से तीन बार 10-10 हजार रुपये और एक बार दो हजार रुपये निकाले गए। इस तरह कुल 32 हजार रुपये की निकासी हुई। यात्री का कहना है कि उन्होंने अपना एटीएम पिन या ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं किया था। ऐसे में एटीएम कार्ड के जरिए रकम निकाले जाने को लेकर उन्होंने चिंता जताई है।

रायगढ़ GRP में जीरो पर FIR दर्ज

घटना की जानकारी मिलने के बाद राधेश्याम साहू ने संबंधित बैंक शाखाओं को सूचना देकर खाते और कार्ड ब्लॉक करवाए। इसके बाद 17 नवंबर को उन्होंने रायगढ़ जीआरपी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

चूंकि चोरी की घटना ट्रेन में अंबाला के आसपास हुई थी, इसलिए रायगढ़ जीआरपी ने जीरो पर एफआईआर दर्ज की है। अब मामले की आगे की जांच के लिए केस डायरी अंबाला रेलवे पुलिस को भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

फिलहाल पुलिस को यह पता लगाना है कि पर्स चोरी करने वाले व्यक्ति ने एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर रकम कैसे निकाली और इस वारदात में कौन शामिल है। बिना पिन और ओटीपी साझा किए निकासी होने के पीड़ित के दावे की भी जांच की जाएगी।