School timing।पटना। बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के संचालन समय में अस्थायी बदलाव किया है।

School timing।विभाग द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार 22 जून 2026 से 30 जून 2026 तक पूरे राज्य के सरकारी एवं मान्यता प्राप्त विद्यालय सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे।

शिक्षा विभाग के आदेश में कहा गया है कि प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे छात्रों को दोपहर की तीव्र गर्मी और लू के प्रभाव से बचाया जा सकेगा।

जारी निर्देश के अनुसार विद्यालयों में सुबह 6:30 बजे से प्रार्थना एवं शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होंगी। कक्षाओं का संचालन निर्धारित घंटियों के अनुसार किया जाएगा। प्राथमिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन का संचालन भी संशोधित समय के अनुरूप किया जाएगा।

नई व्यवस्था के तहत सातवीं घंटी के बाद छात्रों की छुट्टी दोपहर 12:20 बजे कर दी जाएगी, जबकि 12:20 से 12:30 बजे तक शिक्षक प्रधानाध्यापक के निर्देशन में पढ़ाए गए विषयों की समीक्षा, अगले दिन की कार्ययोजना तथा विद्यार्थियों को दिए गए गृहकार्य की जांच संबंधी कार्य करेंगे।

शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों, क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशकों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि संशोधित समय-सारणी 22 जून से 30 जून तक प्रभावी रहेगी और इसके बाद परिस्थितियों की समीक्षा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

शिक्षा विभाग के इस निर्णय को विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गर्मी के मौसम में स्कूलों के समय में बदलाव से छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को पर्याप्त पानी और आवश्यक सावधानियों के साथ विद्यालय भेजें।