बिलासपुर… पहली ही मूसलाधार बारिश ने नगर निगम बिलासपुर के करोड़ों रुपये के सफाई दावों की ऐसी पोल खोली कि अब शहर की जनता सीधे सवाल पूछ रही है—जब हर साल 120 से 125 करोड़ रुपये सिर्फ सफाई पर खर्च हो रहे हैं तो आखिर शहर की यह दुर्दशा क्यों? सड़कें तालाब बन गईं, नालियां उफन पड़ीं, कचरे के ढेर पानी में बहते रहे और मोहल्लों में गंदगी फैल गई। जिन दावों के सहारे निगम अपनी पीठ थपथपाता रहा, वे पहली ही बारिश में बह गए।

जानकारी के अनुसार नगर निगम हर महीने करीब 10 से 11 करोड़ रुपये सिर्फ सफाई व्यवस्था पर खर्च करता है। लाइंस कंपनी को सड़कों और गलियों की सफाई के लिए लगभग 5 करोड़ रुपये प्रतिमाह, रामकी कंपनी को कचरा संग्रहण के लिए करीब ढाई करोड़ रुपये, स्थानीय ठेकेदारों को करीब 3 करोड़ रुपये और निगम के अपने सफाई अमले पर डेढ़ से दो करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं। इसके बावजूद शहर की हालत यह रही कि पहली बारिश ने पूरे सिस्टम की सच्चाई सामने ला दी।

सबसे गंभीर आरोप यह है कि लाइंस कंपनी के भुगतान में 5 प्रतिशत की वृद्धि जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिए बिना कर दी गई। आरोप है कि न तो इसकी सार्वजनिक सूचना जारी हुई और न ही किसी प्रकार की पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई गई। चर्चा यह भी है कि पूरा मामला अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से हुआ। यदि ऐसा है तो इसकी स्वतंत्र जांच जरूरी हो गई है।

प्री-मानसून मेंटेनेंस के नाम पर भी हर वर्ष शासन से अलग बजट मिलता है, लेकिन उसका असर शहर में कहीं दिखाई नहीं दिया। नालियां समय पर साफ नहीं हुईं, जल निकासी की व्यवस्था ध्वस्त रही और बारिश का पानी घंटों तक सड़कों पर जमा रहा। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि प्री-मानसून रखरखाव का पैसा आखिर खर्च कहां हुआ?

शहर के कई वार्डों के लोगों का कहना है कि रामकी कंपनी नियमित रूप से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण नहीं करती। कई मोहल्लों में महीनों तक वाहन नहीं पहुंचते। नालियों से निकाली गई गाद भी किनारे छोड़ दी जाती है, जो दोबारा बारिश में बहकर उसी नाली में चली जाती है। सफाई का रिकॉर्ड कागजों में बनता है, लेकिन जमीन पर तस्वीर बिल्कुल अलग दिखाई देती है।

जब इस संबंध में निगम के एक जिम्मेदार अधिकारी से सवाल किया गया तो उन्होंने अधिकांश आरोपों से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि सुबह छह बजे के बाद और रात आठ बजे तक लाइंस कंपनी की मशीनें सड़क साफ करती देखी जा सकती हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि रामकी कंपनी नियमित रूप से कचरा उठा रही है। हालांकि स्थानीय नागरिकों ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वास्तविक स्थिति हर मोहल्ले में देखी जा सकती है।

हैरानी की बात यह भी रही कि जब तेज बारिश के बीच कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह स्वयं शहर में निकलकर हालात का जायजा ले रहे थे, उसी समय निगम के संबंधित अधिकारी कार्यालय में बैठकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते नजर आए। बातचीत के दौरान उन्होंने यहां तक कह दिया कि “जिला प्रशासन अपना काम कर रहा है, मैं अपना काम कर रहा हूं।” इस बयान ने लोगों की नाराजगी और बढ़ा दी।

शहर में यह चर्चा भी तेज है कि निगम के कुछ अधिकारियों की संपत्तियां और आलीशान मकान लगातार बढ़े हैं। नागरिक सवाल उठा रहे हैं कि यदि सफाई व्यवस्था पर हर वर्ष 120 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो रहे हैं तो उसका वास्तविक लाभ शहर को क्यों नहीं मिल रहा। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है और संबंधित अधिकारियों का पक्ष भी आवश्यक है।

पहली ही बारिश ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कागजों में चमकती सफाई व्यवस्था और जमीन की हकीकत में बड़ा अंतर है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या नगर निगम जनता के 120 करोड़ रुपये का पूरा हिसाब देगा? क्या सफाई व्यवस्था, प्री-मानसून कार्यों और ठेका प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच होगी, या हर साल की तरह इस बार भी बारिश थमते ही मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?