बिलासपुर…नगर पालिक निगम बिलासपुर में 25 सितंबर को होने वाली सामान्य सभा से पहले भारतीय जनता पार्टी पार्षद दल ने बैठक कर सदन में उठाए जाने वाले मुद्दों और सामान्य सभा की कार्यवाही को लेकर मंथन किया। भाजपा कार्यालय करबला में हुई बैठक में पार्षदों और एल्डरमेन के साथ शहर के विकास, जनहित और वार्डों की मूलभूत जरूरतों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने भाजपा पार्षदों को संबोधित करते हुए कहा कि सामान्य सभा में शहर के विकास और नागरिकों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ रखा जाना चाहिए। उन्होंने पार्षदों से अपने-अपने वार्ड की जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को गंभीरता से सदन के सामने रखने को कहा। साथ ही शहर के समग्र विकास को लेकर सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभाने पर जोर दिया।

बैठक में सामान्य सभा के एजेंडे से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी पार्षदों के बीच विचार-विमर्श हुआ। पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों से जुड़े मुद्दों और नागरिक सुविधाओं से संबंधित विषयों पर चर्चा की।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, महापौर पूजा विधानी, सभापति विनोद सोनी सहित भाजपा पार्षद और एल्डरमेन मौजूद रहे। भाजपा मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय ने यह जानकारी दी।