दिनदहाड़े 2.50 लाख की झपटमारी—बैंक से निकले पंप ऑपरेटर को सुनसान रास्ते पर लूटा
बैंक से निकली रकम, तालाब के बीच वार—जांजगीर-चांपा में सेकंडों में साफ 2.50 लाख

जांजगीर-चांपा… छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दिनदहाड़े लूट की वारदात से सनसनी फैल गई। रहौद नगर पंचायत के पंप ऑपरेटर गोपेश्वर पटेल से बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने 2.50 लाख रुपये से भरा थैला झपट लिया और फरार हो गए। घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र की है।
एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि गोपेश्वर पटेल ने अपनी गिरवी रखी जमीन छुड़ाने के लिए श्याम चंदेल से 2.50 लाख रुपये उधार लिए थे। इसके लिए चेक दिया गया था। शुक्रवार दोपहर वे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की पामगढ़ शाखा पहुंचे और दोपहर 1 से 2 बजे के बीच चेक के माध्यम से पूरी राशि निकाल ली।
बैंक से निकलने के बाद उनकी मुलाकात परिचित मिथलेश से हुई। दोनों साथ में रहौद लौटे। ग्रामीण बैंक के पास खड़ी साइकिल लेकर गोपेश्वर नकदी से भरा थैला हैंडल पर टांगकर घर की ओर बढ़े। दो तालाबों के बीच सुनसान रास्ते पर पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार युवकों ने अचानक झपट्टा मारा और थैला लेकर पामगढ़ की ओर फरार हो गए। एक आरोपी हेलमेट पहने हुए था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पामगढ़ की ओर भागने की आशंका पर तत्काल नाकाबंदी की गई। सीमावर्ती इलाकों में सघन चेकिंग शुरू कर दी गई है और आसपास के जिलों को भी अलर्ट किया गया है। बैंक के सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक नजर आए हैं, जिनकी पहचान और तलाश जारी है।
पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्य और फुटेज के आधार पर आरोपियों तक जल्द पहुंचा जाएगा।




