LIVE UPDATE
Bilaspur

अतिक्रमण हटाने का बदला: इंजीनियर-आरआई पर हमला और लूट.. आरोपी कबाड़ी फरार..कप्तान के आदेश पर आरोपियों पर सख्त धाराएँ

बिलासपुर। सरकण्डा थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी पर्व के दौरान निगम कर्मचारियों पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस घटना में निगम इंजीनियर आशीष पांडेय और राजस्व निरीक्षक हरीश शास्त्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के दौरान आरोपियों ने आरआई का चेन और ब्रेसलेट भी लूट लिया।

जानकारी के अनुसार, जन्माष्टमी पर्व पर नगर निगम प्रशासन ने अपने कर्मचारियों को विभिन्न इलाकों में ड्यूटी पर तैनात किया था। इसी क्रम में आरआई हरीश शास्त्री और इंजीनियर आशीष पांडेय की ड्यूटी राजकिशोर नगर और चिंगराजपारा क्षेत्र में लगाई गई थी। देर शाम जब दोनों कर्मचारी थाना सरकण्डा से चंद कदम दूर बहतराई चौक पास पहुंचे, इसी दौरान करीब एक दर्जन असामाजिक तत्वों ने घेरकर हमला बोल दिया।

मारपीट के दौरान आरोपियों ने निगम कर्मचारियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में उनके मकान तोड़े हैं। इसी बहाने आरोपी और उसके साथियों ने दोनों कर्मचारियों को सड़क पर गिराकर बुरी तरह पीटा और लूटपाट कर फरार हो गए।

घटना के बाद घायल कर्मचारी सीधे सरकण्डा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। लेकिन थाने में पहले तो मामूली धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामले की जानकारी पुलिस कप्तान तक पहुंची.. उन्होंने तत्काल सख्त रुख अपनाते हुए थानेदार को फटकार लगाई और आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं सहित शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज कराया।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मुख्य आरोपी कबाड़ का धंधा करता है और उसकी पुलिस से मिलीभगत भी बताई जाती है। यही वजह रही कि सर कांडा पुलिस ने पहले तो हल्की धाराओं में अपराध दर्ज किया । पुलिस कप्तान के हस्तक्षेप के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज हुआ। बहरहाल आरोपियों की  तेजी से तलाश हो रही है। पुलिस ने असमाजिक तत्वों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close