पल्सर सवार तस्कर गिरफ्तार, लैलूंगा से जुड़े तार, ढाई सौ से अधिक नशीली कैप्सूल जब्त

रायगढ़ /रायगढ़ जिले में युवाओं को नशे के जाल में धकेलने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के कड़े दिशा-निर्देशों के बाद तमनार पुलिस ने घेराबंदी कर प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले एक मुख्य सप्लायर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपी बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल से नशीली कैप्सूल की खेप खपाने की फिराक में था, जिसे पुलिस ने सटीक मुखबिर तंत्र की मदद से विफल कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।
तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम को 22 जनवरी 2026 को गोपनीय सूचना मिली थी कि लैलूंगा की ओर से एक व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं लेकर मिलूपारा की तरफ आ रहा है।
इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मिलूपारा कोडक़ेल मार्ग पर मोर्चा संभाला और नाकेबंदी कर दी। कुछ ही समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक संदिग्ध को रोका गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपनी पहचान निलमणी गुप्ता (30 वर्ष), निवासी बिजना, तमनार के रूप में बताई। जब एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत उसकी तलाशी ली गई, तो मोटरसाइकिल के हैंडल के पास छिपाई गई एक प्लास्टिक की पन्नी से भारी मात्रा में ‘स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस’ की प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुईं।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी निलमणी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह नशीली दवाओं का परिवहन सुनील बेहरा नामक व्यक्ति के लिए कर रहा था।
आरोपी के अनुसार, सुनील बेहरा ने लैलूंगा के राजपुर निवासी विकास यादव के फोनपे खाते में 6000 रुपये भेजकर इन प्रतिबंधित दवाओं की डिमांड की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 288 नशीली कैप्सूल, तस्करी में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर एनएस 125 मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत 1,18,284 रुपये आंकी गई है।
इस मामले में तमनार पुलिस ने केवल परिवहन करने वाले आरोपी को ही नहीं, बल्कि इस रैकेट के मुख्य किरदारों को भी कानून के दायरे में ले लिया है।
पुलिस ने आरोपी निलमणी गुप्ता के साथ-साथ प्रतिबंधित कैप्सूल मंगवाने वाले सुनील बेहरा और सप्लायर विकास यादव के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ब्) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी निलमणी गुप्ता को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





