CG News -रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा के सम्मान में प्रांतीय सम्मेलन का आयोजन किया गया।

सम्मेलन में आठवें वेतन आयोग, पुरानी पेंशन योजना, महंगाई भत्ता, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण सहित कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि, 12 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली कर्मचारी आक्रोश रैली को सफल बनाने के लिए छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों एवं अधिकारियों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि, कर्मचारियों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक भविष्य के लिए संगठित प्रयास आवश्यक हैं।

10 सूत्रीय मांगों को लेकर देशव्यापी आंदोलन
सम्मेलन में वितरित आक्रोश रैली के प्रचार-प्रसार संबंधी पंपलेट के अनुसार, आंदोलन में प्रमुख रूप से सभी कर्मचारियों के लिए समान कार्य के लिए समान वेतन, संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों को समयबद्ध लागू करना, न्यूनतम वेतन एवं पेंशन में वृद्धि, निजीकरण पर रोक, मजदूर विरोधी श्रम संहिताओं को निरस्त करना, कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों के लिए व्यापक कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा, सरकारी स्कूलों की सुरक्षा तथा लंबित महंगाई भत्ते एवं महंगाई राहत के भुगतान जैसे मुद्दे शामिल हैं। पंपलेट में संविधान के अनुच्छेद 310 एवं 311(2) तथा एस्मा से संबंधित मांगें भी उठाई गई हैं।

फेडरेशन की उपलब्धियों को कमल वर्मा ने रेखांकित किया
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने अपने संबोधन में संगठन की उपलब्धियों और कर्मचारी हितों के लिए किए गए संघर्षों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, फेडरेशन ने प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, केंद्र के समान महंगाई भत्ते की व्यवस्था, सातवें वेतनमान के अनुरूप डीए, स्टाइपेंड व्यवस्था की समाप्ति, दुर्घटना बीमा योजना, अर्जित वेतन के विरुद्ध ऋण सुविधा तथा कैशलेस चिकित्सा सुविधा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सफलता प्राप्त करने में भूमिका निभाई है।

मोदी की गारंटी’ और 8वें वेतन आयोग को लेकर तेज हुई तैयारी
पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में फेडरेशन द्वारा किए गए 17 दिवसीय अनिश्चितकालीन आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि, संगठन कर्मचारियों और अधिकारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रहा है। उन्होंने प्रदेश में मोदी की गारंटी के अनुरूप कर्मचारियों से संबंधित घोषणाओं को लागू कराने और आठवें वेतन आयोग के लाभ सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर चल रही संगठनात्मक तैयारियों की जानकारी दी।

राष्ट्रीय संगठन के साथ मिलकर मांगों को लेकर संघर्ष करेगा फेडरेशन
फेडरेशन के प्रांतीय महासचिव चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि, 12 दिसंबर की आक्रोश रैली को सफल बनाने के लिए सभी संगठनों से सक्रिय सहभागिता की अपील की। फेडरेशन की प्रांतीय निकाय की 6 अगस्त को आयोजित बैठक में मोदी की गारंटी को लागू कराने और केंद्र सरकार के समान कर्मचारी हितैषी योजनाओं का लाभ छत्तीसगढ़ के शासकीय सेवकों को दिलाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कर्मचारी संगठन से संबद्धता का निर्णय लिया गया था।

12 दिसंबर को नई दिल्ली में ‘कर्मचारी आक्रोश रैली
राष्ट्रीय संगठन के साथ मिलकर नई दिल्ली में प्रदर्शन करने का निर्णय भी लिया गया है। फेडरेशन ने प्रदेश के सभी कर्मचारी-अधिकारी संगठनों से एकजुट होकर 12 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कर्मचारी आक्रोश रैली को सफल बनाने और कर्मचारी हितों की लंबित मांगों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्ष में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।