बिलासपुर…बिलासपुर रेंज में पुलिस और आमजन के बीच प्रत्यक्ष संवाद के उद्देश्य से शुरू की गई ‘अनुभव’ क्यूआर कोड आधारित फीडबैक प्रणाली से पहले ही दिन प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। इस व्यवस्था के तहत थानों और पुलिस कार्यालयों में लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर नागरिक अपने अनुभव दर्ज कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्राप्त फीडबैक का अवलोकन पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा किया गया। शुरुआती प्रतिक्रियाओं में जिला बिलासपुर के कई थानों—सिटी कोतवाली, सिविल लाइन, कोटा और सरकंडा—से कार्यप्रणाली, व्यवहार और साफ-सफाई को लेकर अपेक्षाकृत सकारात्मक फीडबैक दर्ज किया गया है।

फीडबैक में यह भी सामने आया कि कुछ मामलों में थाना स्तर पर ही फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं और त्वरित समाधान किया गया। थानों में अधिकारियों और कर्मचारियों के व्यवहार तथा परिसर की स्वच्छता को कई नागरिकों ने ‘अच्छी श्रेणी’ में आंका है।

हालांकि, ‘अनुभव’ प्रणाली से यह भी स्पष्ट हुआ कि 1–2 थानों के कार्यों को लेकर नागरिकों ने सुधार की आवश्यकता बताई है। इस पर संबंधित थाना प्रभारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश और समझाइश दी गई है। साथ ही संबंधित उप पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारियों को भी इस संबंध में निर्देशित किया गया है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि थानों से जुड़े अनुभवों के आधार पर आगे आवश्यक सुधार किए जाएंगे और यह फीडबैक व्यवस्था केवल प्रशंसा तक सीमित न रहकर कमियों की पहचान का भी माध्यम बनेगी। ‘अनुभव’ प्रणाली को पुलिस सेवाओं में जवाबदेही और सुधार की दिशा में एक प्रयोग के रूप में देखा जा रहा है, जिसका मूल्यांकन समय के साथ फीडबैक के रुझान से किया जाएगा।