महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सरकारी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य पर कक्षा नौवीं की नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, लोक शिक्षण संचालनालय के आदेश पर शिक्षा विभाग ने उसे निलंबित भी कर दिया है।

आरोपी की पहचान अछोला शासकीय हाईस्कूल के प्रभारी प्राचार्य एवं व्याख्याता जीवनलाल देवांगन के रूप में हुई है।

मामला तुमगांव थाना क्षेत्र के अछोला स्थित शासकीय हाईस्कूल का है। जानकारी के अनुसार, घटना 10 अक्टूबर शनिवार की बताई जा रही है। उस दिन स्कूल में छुट्टी जल्दी हो गई थी और अधिकांश शिक्षक तथा विद्यार्थी परिसर से जा चुके थे। आरोप है कि इसके बाद प्रभारी प्राचार्य ने कक्षा नौवीं की छात्रा को स्कूल में रोक लिया और अपने कार्यालय में बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ तथा अश्लील हरकत की।

घटना के बाद छात्रा रोते हुए घर पहुंची और अपनी मां को आपबीती बताई। आरोप है कि कुछ देर बाद प्रभारी प्राचार्य भी छात्रा के घर पहुंचा और मामले को रफा-दफा करने की कोशिश करने लगा। इस पर छात्रा की मां ने विरोध जताया और प्राचार्य को थप्पड़ मार दिया। घटना की जानकारी फैलने के बाद ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। बताया गया है कि ग्रामीणों ने भी आरोपी के साथ मारपीट की।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपी प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया।

उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 और 75(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी पर पहले भी स्कूल परिसर में शराब पीने का आरोप लगने की बात सामने आई है।

इधर, मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई की है। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ के आदेश के बाद प्रभारी प्राचार्य जीवन प्रसाद देवांगन को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

सरकारी स्कूल में नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ की इस घटना ने स्कूलों में छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और जांच के निष्कर्ष महत्वपूर्ण होंगे।