बिलासपुर। जिले के कोटा क्षेत्र स्थित शासकीय हाईस्कूल धौराभाठा की प्राचार्य के खिलाफ एक व्याख्याता ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

व्याख्याता राजेश कुमार सोनी ने कोटा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर प्राचार्य इंदिरा गेंदले पर उन्हें पिटवाने और जान से मारने के लिए सुपारी देने जैसी कथित बातचीत करने का आरोप लगाया है।

शिकायत के साथ बातचीत की वाइस रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, आरोपों और रिकॉर्डिंग की सत्यता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

शिकायत के मुताबिक, राजेश कुमार सोनी 31 अगस्त को अर्धवार्षिकी आयु पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं।

उनका दावा है कि शासन के नियमानुसार उन्हें 30 अप्रैल 2027 तक उसी स्कूल में व्याख्याता के पद पर कार्यरत रहना था। इसी दौरान प्रतिस्थापना को लेकर आवेदन देने के मामले में उनका प्राचार्य के साथ विवाद हुआ।

राजेश सोनी का आरोप है कि विवाद के बाद प्राचार्य ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोबरीपाट में पदस्थ लिपिक नितेश कुमार सोनचे को अपने कार्यालय में बुलाया। शिकायतकर्ता के अनुसार, वहां प्राचार्य ने कथित तौर पर नितेश से राजेश को कूटने, उसके हाथ-पैर तोड़ने और जान से मारने के लिए किसी व्यक्ति को सुपारी देने जैसी बातें कहीं।

व्याख्याता का कहना है कि उक्त बातचीत को लिपिक ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था। बाद में यह रिकॉर्डिंग उन्हें भेजी गई। राजेश ने इस रिकॉर्डिंग को पुलिस के समक्ष साक्ष्य के तौर पर पेश करते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद उनका परिवार भयभीत है और उन्हें स्वयं तथा परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर आशंका है। उन्होंने यह भी कहा है कि 15 सितंबर से उन्होंने स्कूल जाना बंद कर दिया है। शिकायत में प्राचार्य पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

फिलहाल कोटा पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों, वाइस रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सत्यता है।