बिलासपुर… कोटा विकासखंड के बेहरामुड़ा स्थित अनुदान प्राप्त विद्यामंदिर प्राथमिक शाला में शिक्षक के कथित अमर्यादित आचरण ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय प्रबंध समिति को संबंधित सहायक शिक्षक चतरपाल सिंह राज को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 24 घंटे के भीतर कार्रवाई का पालन प्रतिवेदन कार्यालय में भेजने को कहा गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी के 4 अक्टूबर को जारी पत्र के मुताबिक, शिकायतों, प्रारंभिक जांच प्रतिवेदनों और वायरल वीडियो के आधार पर यह सामने आया कि शिक्षक 3 अक्टूबर को विद्यालयीन समय में शराब के नशे में विद्यालय परिसर पहुंचे और अभद्र एवं अमर्यादित आचरण किया। मामले की जांच रिपोर्ट में शिक्षक के अनुशासनहीन व्यवहार का उल्लेख किया गया है।

जारी पत्र में शासकीय हाई स्कूल बेहरामुड़ा के प्राचार्य और संकुल शैक्षणिक समन्वयक की रिपोर्ट का भी हवाला दिया गया है। इसमें शिक्षक पर प्रधानमंत्री के संबंध में आपत्तिजनक एवं अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का उल्लेख है। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस पूरे आचरण को शिक्षक की गरिमा और शासकीय आचरण के विपरीत मानते हुए शिक्षण संस्था की प्रतिष्ठा प्रभावित होने की बात कही है।

चूंकि विद्यालय का प्रबंधन विद्यालय प्रबंध समिति के अधीन है, इसलिए जिला शिक्षा अधिकारी ने समिति के अध्यक्ष और सचिव को संबंधित शिक्षक के खिलाफ तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई करने को कहा है। आदेश में साफ किया गया है कि निर्धारित समय में कार्रवाई का प्रतिवेदन नहीं मिलने पर समस्त वेतन भुगतान रोकने की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंध समिति की होगी।

यानी स्कूल परिसर में शिक्षक के कथित नशे और अमर्यादित आचरण के मामले में अब विभाग ने गेंद विद्यालय प्रबंध समिति के पाले में डाल दी है—24 घंटे में कार्रवाई और रिपोर्ट, वरना वेतन रोकने की चेतावनी।