बिलासपुर…रतनपुर स्थित लखनीदेवी मंदिर गार्डन के सामने धारदार चाकू लहराकर राहगीरों में दहशत फैला रहे एक बदमाश को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर आने-जाने वाले लोगों को चाकू दिखाकर डरा-धमका रहा था।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि लखनीदेवी मंदिर गार्डन के सामने एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर घूमते हुए लोगों को चाकू दिखाकर भय का माहौल बना रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विष्णु यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की।

हाथ में चाकू लेकर लोगों को धमका रहा था

पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए लोगों को डराते मिला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम परसराम सतनामी (34) निवासी नवगंवा, थाना कोनी बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली।

आर्म्स एक्ट की कार्रवाई, भेजा गया जेल

रतनपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक पंचराम रजक और कीर्ति पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।