बिलासपुर… पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में सरेआम मारपीट करने वाले दो आरोपियों को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के, डंडे और बेल्ट से मारपीट की। पुलिस ने अपराध दर्ज कर दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार इमलीभाठा जोगी आवास निवासी शनि कुमार बंजारे 26 अगस्त को पत्नी और बच्चों के साथ गोल बाजार में ईद का त्योहार देखने गया था। वापस लौटते समय विनित श्रीवास ने पुराने पैसों के लेनदेन के सिलसिले में उसे गणेश अस्पताल के पास बुलाया, जहां वह गार्ड का काम करता है।

वहां पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान विनित कुमार श्रीवास अपने साथी किशन ध्रुव के साथ मिलकर शनि कुमार से गाली-गलौज करने लगा और हाथ-मुक्के, डंडे तथा बेल्ट से मारपीट की। चिकित्सकीय जांच में सामान्य चोटें सामने आईं।

शिकायत मिलते ही सरकंडा पुलिस ने अपराध के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों के खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी कर रही है।