महासमुंद…जिले में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नेशनल हाईवे-53 पर गैस सिलेंडरों से लदी एक पिकअप वाहन अचानक आग का गोला बन गई। तेज धमाके के साथ सिलेंडरों के फटने की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और आग की लपटें आसमान तक उठती नजर आईं। कुछ ही पलों में हाईवे पर दहशत का माहौल बन गया।

यह भयावह घटना सिंघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत छुईपाली के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप वाहन चलते-चलते अचानक आग की चपेट में आ गया। हालात की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखायी और समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। इसके बाद पिकअप में लदे गैस सिलेंडर एक-एक कर बाहर गिरते गए और तेज धमाकों के साथ फटने लगे।

सिलेंडरों के विस्फोट से उठती आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा। हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित दूरी पर भागते नजर आए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें सिलेंडरों के फटने और आग के भयावह दृश्य साफ देखे जा सकते हैं। पुलिस फिलहाल आग लगने और सिलेंडर ब्लास्ट के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यह घटना हाईवे पर खतरनाक तरीके से गैस सिलेंडरों के परिवहन और सुरक्षा मानकों पर एक बड़ा सवाल खड़ा कर गई है।