रायपुर…अवैध प्लॉटिंग और बेतरतीब रियल एस्टेट कारोबार पर शिकंजा कसते हुए छत्तीसगढ़ रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (CGRERA) ने बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण ने रियल एस्टेट (विनियमन एवं विकास) अधिनियम, 2016 का उल्लंघन पाए जाने पर रायपुर जिले के दो भूमि स्वामियों गोवर्धन और रामानुज पर कुल 5 लाख रुपये का आर्थिक दंड अधिरोपित किया है।

CGRERA के संज्ञान में आया कि दोनों भूमि स्वामी लखोली रेलवे स्टेशन क्षेत्र में ‘ओम फार्म’ नाम से प्लॉटिंग परियोजना का संचालन कर रहे थे। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि परियोजना का RERA पंजीकरण कराए बिना ही प्लॉटों का विज्ञापन, प्रचार-प्रसार और विक्रय किया जा रहा था।

यह गतिविधि अधिनियम की धारा 3 का सीधा उल्लंघन पाई गई, जिसमें स्पष्ट प्रावधान है कि किसी भी रियल एस्टेट परियोजना का पंजीकरण कराए बिना उसके प्रचार, बुकिंग या बिक्री का आमंत्रण पूरी तरह प्रतिबंधित है।

प्राधिकरण द्वारा मामले की गहन जांच, दस्तावेजों की पड़ताल और संबंधित पक्षों की सुनवाई के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि कानून की अनदेखी जानबूझकर की गई है। इसके बाद CGRERA ने दोनों भूमि स्वामियों पर संयुक्त रूप से 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

CGRERA ने इस कार्रवाई के साथ स्पष्ट चेतावनी भी जारी की है कि बिना पंजीकरण किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग, विज्ञापन या विक्रय को गंभीर कानूनी अपराध माना जाएगा। प्राधिकरण ने यह भी संकेत दिए हैं कि भविष्य में ऐसे मामलों में और अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई न केवल अवैध रियल एस्टेट गतिविधियों में संलिप्त लोगों के लिए सख्त संदेश है, बल्कि आम खरीदारों के हितों की सुरक्षा की दिशा में भी एक अहम कदम माना जा रहा है। CGRERA का यह रुख साफ करता है कि कानून से ऊपर कोई नहीं और रियल एस्टेट क्षेत्र में अनुशासनहीनता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।