बिलासपुर…फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत बिलासपुर पुलिस ने मंगलवार को सात स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। सकरी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर छह वारंटियों को पकड़ा, जबकि हिर्री पुलिस ने एक अन्य स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया। सभी को न्यायालय में पेश किया गया।

सकरी पुलिस ने थाना प्रभारी संजय सिंदे के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए प्रिंस उर्फ केवड़ा, रामाशंकर यादव, राजू यादव, शिव कुमार लहरे, पृथ्वी कुमार सूर्यवंशी और सन्नी दास मानिकपुरी को गिरफ्तार किया। ये सभी अलग-अलग मामलों में जारी स्थायी वारंट के तहत तलाशे जा रहे थे।

वहीं, हिर्री पुलिस ने बिलासपुर में छिपकर रह रहे स्थायी वारंटी सौरभ देवांगन, पिता ललित देवांगन, निवासी श्यामनगर, लिंगियाडीह, प्रभात चौक, सरकंडा को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के बाद उसे भी न्यायालय में पेश किया गया।

दोनों थानों की कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर की गई। सकरी पुलिस को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार का मार्गदर्शन मिला। हिर्री पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की।

पुलिस का शिकंजा, अभियान जारी

पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने कहा, “कानून से बचकर कोई लंबे समय तक नहीं रह सकता। ऑपरेशन बाज के तहत फरार वारंटियों की धरपकड़ तेज की गई है और न्यायालय से जारी वारंटों की तामिली को प्राथमिकता दी जा रही है। अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, जो कानून की प्रक्रिया से बचने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य कानून का राज मजबूत करना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना है।”

सकरी पुलिस की कार्रवाई में मनोज बघेल, नर्मदाराम साहू, राजकुमार मधुकर, जीना अनंत और प्रीति शर्मा सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही। हिर्री पुलिस की कार्रवाई में सुनील सिंह, दयालू नेताम और जितेन्द्र कुमार जगत का योगदान रहा।