बिलासपुर…सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह में घर के भीतर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि महिला मित्र को घर लाने की बात पर हुए विवाद में सगे चाचा ने अपने भतीजे अमित निषाद के सीने पर सब्जी काटने वाले धारदार हथियार से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अमित को परिजन और पुलिस 108 एंबुलेंस से सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी धनीराम निषाद उर्फ कुदन को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 12 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे अपोलो चौक, लिंगियाडीह स्थित घर में हुई। घर में रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन जागे। इसी दौरान रवि निषाद अपने बड़े भाई के कमरे की ओर गया, तो धनीराम निषाद उर्फ कुदन हाथ में खून से सना धारदार हथियार लेकर बाहर निकलता दिखा। कमरे के भीतर अमित लहूलुहान हालत में पड़ा था और उसके सीने पर गंभीर चोट थी। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

महिला मित्र को घर लाने पर विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अमित अपनी महिला मित्र को अक्सर घर लेकर आता था। इसे लेकर आरोपी चाचा आपत्ति जताता था और दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक, घटना की रात भी इसी बात पर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने अमित के सीने पर धारदार हथियार से वार कर दिया। पुलिस ने हत्या के मामले में अपराध के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

भागने की फिराक में आरोपी, घेराबंदी में पकड़ा

हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच तेज की। घटनास्थल का फोरेंसिक विशेषज्ञों और फिंगरप्रिंट टीम ने निरीक्षण किया। परिजनों और गवाहों से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद भागने की फिराक में रहे धनीराम निषाद को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर हत्या करना स्वीकार किया और वारदात में इस्तेमाल सब्जी काटने वाला धारदार हथियार पेश किया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।