बिलासपुर…महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर बिलासपुर पुलिस का बहुउद्देशीय ‘चेतना’ अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। इसी कड़ी में रतनपुर थाना पुलिस ने स्वामी आत्मानंद कन्या विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें बदलते दौर के अपराधों से सतर्क रहने की सीख दी।

कार्यक्रम में छात्राओं को गुड टच और बैड टच, पॉक्सो अधिनियम, महिला सुरक्षा कानून, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा और दहेज जैसे अपराधों की जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग और अन्य साइबर अपराधों से बचने के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

पुलिस ने छात्राओं को आपात स्थिति में 112, 1098, 181 और पुलिस सहायता के लिए 100 जैसे हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग की जानकारी दी। आत्मरक्षा, आत्मविश्वास और विपरीत परिस्थितियों में बिना डरे अपनी बात रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्प्रभावों पर विशेष चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, सही और गलत की पहचान करने तथा कानून का सम्मान करने का संदेश दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ‘चेतना’ अभियान का उद्देश्य केवल अपराधों की जानकारी देना नहीं, बल्कि बालिकाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता और सुरक्षा की भावना विकसित करना है, ताकि वे हर परिस्थिति में अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें।