राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के साथ कथित बदसलूकी और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। घटना के दौरान शराब के साथ पकड़े गए एक युवक ने पुलिसकर्मियों के सामने अपने कपड़े उतार दिए और गाली-गलौज करने लगा।

इसी बीच मौके पर पहुंची कुछ महिलाओं ने भी पुलिसकर्मियों से विवाद किया। आरोप है कि एक महिला ने पुलिस जवान को थप्पड़ मार दिया, जबकि दूसरी महिला शराब की बोतलें लेकर भागने की कोशिश करती दिखाई दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर की रात डोंगरगढ़ पुलिस को मोचीपारा इलाके में अवैध शराब की बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और वहां एक युवक को शराब की बोतल के साथ पकड़ा। इसके बाद युवक कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से उलझ गया।

वायरल वीडियो में वह पुलिस के सामने कपड़े उतारते और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहा है। इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों को उकसाने वाली बातें भी कहीं।

घटनाक्रम के बीच मौके पर कुछ महिलाएं पहुंच गईं। आरोप है कि महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के साथ बहस और धक्का-मुक्की की। वीडियो में एक महिला पुलिस जवान को थप्पड़ मारती नजर आने की बात कही जा रही है। वहीं, एक अन्य महिला शराब की बोतलें उठाकर वहां से जाने की कोशिश करती दिखाई देती है। घटना के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने युवक और संबंधित महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डोंगरगढ़ के एसडीओपी केसरीनंदन नायक ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।