इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में चौकीदार से विवाद और पुलिसकर्मियों के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मौके पर पहुंची एफआरबी (FRB) टीम के पुलिसकर्मियों के साथ भी दो युवकों ने अभद्र व्यवहार किया और शासकीय कार्य में बाधा डाली। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ड्यूटी के दौरान एक चौकीदार के साथ कुछ लोगों ने दुर्व्यवहार किया था।

शिकायत मिलने पर क्षेत्र में भ्रमण कर रही एफआरबी टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान चौकीदार से विवाद करने वाले दो लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी बदसलूकी की।

पुलिस के मुताबिक, विदुर नगर में रात के समय रामप्रसाद नामक चौकीदार ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान दो से तीन लोग वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर उससे विवाद करने लगे। आरोप है कि इस दौरान चौकीदार के साथ गाली-गलौज की गई और उसे धमकी भी दी गई।

चौकीदार की सूचना पर एफआरबी टीम मौके पर पहुंची। एडिशनल डीसीपी के अनुसार, वहां मौजूद सूरज शर्मा और पंकज ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।

द्वारकापुरी थाना पुलिस ने मामले में सूरज शर्मा और पंकज के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।