CG Crime News: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी शहर की एक मुख्य अंग्रेजी शराब दुकान में देखने को मिली है।

चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इस दुकान को चोरों ने बड़े ही शातिर तरीके से अपना निशाना बनाया।

छत के रास्ते दुकान में घुसे चोर गल्ले में रखी नकदी, महंगी शराब की बोतलें और सबसे अहम, मामले के सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर DVR ही चुरा ले गए। इस वारदात से आबकारी और स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विनोबा नगर निवासी विनोद प्रजापति (32) चक्रधर नगर क्षेत्र की इस अंग्रेजी शराब दुकान में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है।

रोज की तरह दिनभर की बिक्री के बाद रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर सभी कर्मचारी अंदर हिसाब-किताब कर रहे थे। इसके बाद रात करीब 11 बजे गोदाम और दुकान के बाहर के शटर में ताला लगाकर सभी अपने-अपने घर चले गए।

अगले दिन सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब सुपरवाइजर दुकान पहुंचा और ताला खोलकर अंदर दाखिल हुआ, तो उसे अंदर का नजारा देख अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हुआ। दुकान का सारा सामान और शराब की पेटियां बिखरी पड़ी थीं।

जांच करने पर पता चला कि चोरों ने बेहद शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम दिया है। दुकान की छत पर जाने वाली सीढ़ी का दरवाजा टूटा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोर छत के रास्ते अंदर घुसे थे।

चोरों ने गोदाम में रखे मुख्य लॉकर की दीवार को भी तोड़ने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वे लॉकर तोड़ने में सफल नहीं हो सके।

दुकान के काउंटर का गल्ला खुला हुआ था, जिसमें रखे करीब 15 हजार रुपये नगद गायब थे। इसके अलावा चोर अपने साथ महंगी विदेशी शराब की पेटियों में से ‘100 पाइपर’ की दो और ‘वैलेंटाइन’ की एक बोतल भी उठा ले गए।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरों ने अपनी पहचान छिपाने और सीसीटीवी फुटेज हाथ न लगने देने के लिए काउंटर में लगा CCTV कैमरे का DVR भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।

कैश, महंगी शराब और अन्य सामान मिलाकर 26 हजार रुपये की चोरी की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया।

पुलिस ने सुपरवाइजर की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर, आसपास के संदिग्धों तथा रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए चोरों की तलाश तेज कर दी है।