Alice huang nvidia ceo।दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Nvidia के CEO जेनसन हुआंग इन दिनों एक बड़े विवाद को लेकर चर्चा में हैं।

अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह है कि चीन की कारोबारी महिला एलिस हुआंग के जरिए जेनसन हुआंग से कंपनी की कारोबारी रणनीति और एडवांस चिप से जुड़ी जानकारियां जुटाने की कोशिश की गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलिस हुआंग को चीन की खुफिया एजेंसी ने इस काम के लिए तैयार किया था। इस मामले में Nvidia के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है।

विवाद के बीच जेनसन हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों को भेजे संदेश में पत्नी से बेवफाई करने की बात स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी है। हालांकि, उन्होंने अपने संदेश में एलिस हुआंग का नाम नहीं लिया।

कौन हैं एलिस हुआंग?Alice huang

Alice huang को हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है। वह चीन की नागरिक हैं और सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड में वरिष्ठ पद पर काम कर चुकी हैं। उनका Nvidia CEO जेनसन हुआंग से कोई पारिवारिक संबंध नहीं है।

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलिस पहले चीन के हुनान टीवी और सरकारी प्रसारक CCTV में रिपोर्टर रह चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने HSBC के प्राइवेट बैंकिंग विभाग और CITIC सिक्योरिटीज में भी काम किया। वह शंघाई की कंपनी Hexi Investment Management में डायरेक्टर और फंड मैनेजर भी रह चुकी हैं।

हालांकि, उनकी पेशेवर पृष्ठभूमि से जुड़ी कुछ जानकारियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, हुनान टीवी के एक अधिकारी ने उन्हें पहचानने से इनकार किया था और CCTV की वेबसाइट पर भी उनकी प्रोफाइल नहीं मिली। उनकी कारोबारी गतिविधियों का संबंध चीन की गेमिंग कंपनी 7Road से भी बताया जाता है।

जेनसन और Alice huang की मुलाकातों की तस्वीरें भी सामने आई थीं। जून 2024 में ताइवान की राजधानी ताइपे के एक बार में दोनों को Gigabyte और NetThunder कंपनियों के अधिकारियों के साथ देखा गया था।

मई 2025 में भी एलिस को ताइपे के एक रेस्टोरेंट के बाहर जेनसन के साथ देखा गया। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच एजेंसियों को संदेह है कि एलिस ने जेनसन के साथ नजदीकी का इस्तेमाल Nvidia की योजनाओं और एडवांस चिप की बिक्री से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए किया हो सकता है।

4.8 अरब डॉलर की चिप खरीद से बढ़ा संदेह

इस पूरे मामले में सिंगापुर की कंपनी Megaspeed भी जांच के दायरे में बताई गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने पिछले दो वर्षों में Nvidia से 4.8 अरब डॉलर से अधिक की चिप खरीदी हैं और वह दक्षिण-पूर्व एशिया में Nvidia की बड़ी ग्राहकों में शामिल रही है।

अमेरिकी अधिकारियों को आशंका रही है कि एडवांस चिप चीन तक पहुंचाने के लिए कारोबारी नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसी वजह से Megaspeed के चीन से कारोबारी संबंधों और चिप की खरीद-बिक्री की जांच की जा रही है।

अमेरिका और चीन के बीच एडवांस सेमीकंडक्टर तकनीक को लेकर लंबे समय से तनाव है। अमेरिकी सरकार ने चीन को अत्याधुनिक AI चिप की बिक्री पर प्रतिबंध और निर्यात नियंत्रण लागू किए हैं। वहीं, जेनसन हुआंग इन प्रतिबंधों में ढील देने की मांग करते रहे हैं, ताकि Nvidia चीन के बाजार में कारोबार कर सके। अमेरिकी अधिकारियों को संदेह है कि एलिस के जरिए Nvidia की चिप बिक्री नीति को प्रभावित करने की कोशिश भी की गई हो सकती है।

जेनसन हुआंग ने पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार की

मामले में नया मोड़ तब आया, जब जेनसन हुआंग ने Nvidia के कर्मचारियों को भेजे संदेश में अपनी पत्नी से बेवफाई करने की बात स्वीकार की। उन्होंने लिखा कि उनके इस कदम से पत्नी और बच्चों को दुख पहुंचा है और इसके लिए कोई बहाना नहीं हो सकता। उन्होंने अपने परिवार और सहकर्मियों से माफी मांगते हुए अपनी जिम्मेदारी स्वीकार की। हालांकि, संदेश में उन्होंने उस महिला का नाम नहीं बताया, जिसके साथ संबंध होने की बात स्वीकार की गई है।

Nvidia के बोर्ड ने शुरू की स्वतंत्र जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए Nvidia के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच शुरू करने की घोषणा की है। जांच की निगरानी स्वतंत्र निदेशक करेंगे और उन्हें बाहरी कानूनी सलाहकारों की मदद मिलेगी। बोर्ड ने कहा है कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई कारण नहीं है, जिससे यह माना जाए कि Nvidia की गोपनीय जानकारी या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां लीक हुई हैं। इसके बावजूद सभी उपलब्ध तथ्यों की जांच की जाएगी। जेनसन हुआंग ने जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है और वह फिलहाल कंपनी के CEO बने रहेंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो का नाम भी इस मामले से जुड़ी रिपोर्ट्स में सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप को पहले ही इस संभावित जासूसी मामले की जानकारी दी गई थी। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने इस पर सार्वजनिक टिप्पणी करने से परहेज किया है।

चीन ने जासूसी से जुड़े आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज किया है। सिंगापुर के गृह मंत्रालय ने भी एलिस हुआंग को चीनी खुफिया एजेंसी का एजेंट बताए जाने संबंधी दावों से दूरी बनाई है और कहा है कि उसके अधिकारियों ने ऐसा कोई निष्कर्ष नहीं दिया था। Alice huang की ओर से अब तक इन आरोपों पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

फिलहाल यह मामला केवल एक कारोबारी रिश्ते या निजी विवाद तक सीमित नहीं है। Nvidia दुनिया की सबसे अहम AI चिप कंपनियों में शामिल है और उसके उत्पादों को लेकर अमेरिका-चीन के बीच रणनीतिक प्रतिस्पर्धा जारी है।

ऐसे में जांच के नतीजे यह स्पष्ट कर सकते हैं कि जेनसन हुआंग को वास्तव में किसी विदेशी खुफिया अभियान के जरिए निशाना बनाया गया था या नहीं और कंपनी की संवेदनशील जानकारियों पर इसका कोई असर पड़ा है या नहीं।