बेमेतरा।छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में मीना बाजार घूमने आए एक परिवार की बाइक पार करने वाले शातिर चोर को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

आरोपी ने चोरी की मोटरसाइकिल को झाड़ियों के पीछे छिपा रखा था और उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो एचएफ डीलक्स (Hero HF Deluxe) बाइक बरामद कर ली है और उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है.

परिवार के साथ आया था पीड़ित, बिना लॉक की बाइक हुई पार: पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भोईनाभाठा निवासी अजय कुमार गायकवाड़ (38 वर्ष) 21 सितंबर 2026 की रात अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ अपनी मोटरसाइकिल (CG 25 C 3797) से बेमेतरा मीना बाजार घूमने आए थे. रात करीब 7:50 बजे वे बाइक को मीना बाजार के बाहर खड़ा कर बिना हैंडल लॉक किए अंदर चले गए.

रात 10:00 बजे जब वे वापस लौटे, तो बाइक मौके से गायब थी. काफी खोजबीन के बाद अजय ने थाना बेमेतरा में अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने धारा 303(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की.

कोबिया तिराहा पर ग्राहक तलाशते धराया आरोपी: थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कोबिया तिराहा के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है.

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जोगीराम साहू (32 वर्ष), निवासी खिलोरा (थाना नवागढ़/बेमेतरा) को हिरासत में लिया.

झाड़ियों में छिपाई थी 50 हजार की बाइक: कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी जोगीराम साहू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

उसने बताया कि उसने मीना बाजार के पास से बाइक चोरी की थी और उसे कोबिया चौक के पास एक मैदान की झाड़ियों में छिपाकर रखा था. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लगभग 50 हजार रुपये मूल्य की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त कर ली है.

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया.