बिलासपुर… जिले में प्रकाशित कुछ समाचारों को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। जयरामनगर निवासी दिलेश्वर पूरी गोस्वामी द्वारा स्वयं को एक न्यूज पोर्टल से जुड़ा बताकर प्रकाशित की गई खबरों में कथित रूप से भ्रामक तथ्यों की शिकायत सामने आने के बाद यह मामला प्रशासनिक जांच के दायरे में आया है।

पुलिस के अनुसार, जून माह में जयरामनगर निवासी विकास तिवारी के साथ थाना तोरवा क्षेत्र में नकाबपोश बदमाशों द्वारा मारपीट और लूट की घटना हुई थी। इस मामले में थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 266/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान इस घटना से जुड़े तथ्यों में दिलेश्वर गोस्वामी की भूमिका को लेकर भी बिंदुवार जांच की जा रही है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, उक्त मामले में स्वयं को बचाने के उद्देश्य से विकास तिवारी और अन्य लोगों के विरुद्ध लगातार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और संबंधित थानों में शिकायतें दी गईं। अब तक तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज कराए जाने की पुष्टि हुई है, हालांकि इन मामलों की विवेचना में अभी तक ठोस प्रमाण सामने नहीं आए हैं। इसके बावजूद, शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया जारी रखी गई है।

इसी प्रकरण से जुड़े एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू में अनावेदक पक्ष द्वारा एक ऑडियो क्लिप पुलिस को सौंपी गई है, जिसमें कथित रूप से पैसों की मांग का उल्लेख है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑडियो क्लिप की विधिवत तकनीकी और कानूनी जांच कराई जाएगी, ताकि उसकी प्रामाणिकता और संदर्भ स्पष्ट हो सके।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध मस्तूरी और पचपेड़ी क्षेत्र में व्यवसायियों एवं प्रतिष्ठानों से जुड़े कुछ पुराने विवादों की शिकायतें रही हैं। इन मामलों में कथित रूप से दबाव बनाने और खबरों के माध्यम से प्रभाव डालने के आरोप भी सामने आए हैं, जिनकी सच्चाई की परतें अब जांच के जरिए खोली जा रही हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध पूर्व में विभिन्न थानों में उगाही, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज रहे हैं। इनमें थाना तारबहार, पचपेड़ी, मस्तूरी, तोरवा सहित ओडिशा के संबलपुर जिले में दर्ज मामले शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पुराने और वर्तमान प्रकरणों को कानूनी प्रक्रिया के तहत आपस में जोड़कर तथ्यों के आधार पर परीक्षण किया जा रहा है।

फिलहाल आवेदक और अनावेदक दोनों पक्षों द्वारा दिए गए आवेदनों की बारीकी से जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा और तथ्यों के अनुरूप विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।